मुरादाबाद : लूटकांड की परतें खोलने में पहले ही पायदान पर उलझी कटघर पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के कारोबारी से दिनदहाड़े लूट की घटना की परतें खुलने की बजाय उलझती जा रही हैं। कटघर पुलिस तफ्तीश के पहले ही पायदान पर उलझ गई है। तीन दिनों तक 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। लुटेरे तक पहुंचना तो दूर पुलिस बदमाश की …

मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के कारोबारी से दिनदहाड़े लूट की घटना की परतें खुलने की बजाय उलझती जा रही हैं। कटघर पुलिस तफ्तीश के पहले ही पायदान पर उलझ गई है। तीन दिनों तक 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। लुटेरे तक पहुंचना तो दूर पुलिस बदमाश की पहचान तक नहीं कर पाई है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित कारोबारी ने लुटेरे का जो हुलिया बताया, वह सीसीटीवी कैमरों में कैद ही नहीं है। ऐसे में लुटेरे तक पहुंचना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

कटघर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर बाइपास रोड पर दो जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे रामपुर के कपड़ा कारोबारी दानिश को गोली लगी। सड़क किनारे खून से लथपथ मिले दानिश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में घायल ने बताया कि रामपुर से पीछा कर रहा बदमाश सामने से सीने में गोली मारकर उसकी जेब में रखे 73 हजार रुपये लूट कर फरार हो गया। कटघर सीओ अनूप कुमार व थाना प्रभारी आरपी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस लुटेरे की पहचान करने में जुटी। घटना स्थल से 32 बोर का तमंचा पुलिस ने बरामद किया।

उधर चिकित्सकों ने कारोबारी की शरीर में फंसी एक गोली भी निकाल दी। इधर पुलिस वारदात की तह तक जाने के उद्देश्य से काशीपुर दोराहा से लेकर रामपुर तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी। काशीपुर दोराहा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रामपुर भेजी गई। वहां रामपुर के फोटो में लगे सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल की गई। दानिश के मुताबिक भूरे रंग की होंडा साइन पर सवार हमलावर रामपुर के फोटो से ही उसका पीछा कर रहा था। रामपुर बाइपास रोड के अलावा मूंढापांडे टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज तीन दिनों तक पुलिस खंगालती रही।

अधिकांश सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार कारोबारी तो कैद मिला, लेकिन संदिग्ध बदमाश की मौजूदगी नहीं दिखी। लुटेरे का हुलिया बयां करते हुए दानिश ने पुलिस को बताया था कि हमलावर ने काली शर्ट पहनी थी। लुटेरे की डील डौल भारी भरकम बताई। लुटेरे के चेहरे पर 15 दिन पुरानी दाढ़ी होने का अनुमान भी कारोबारी ने लगाया। ऐसा हुलिया पुलिस को वीडियो फुटेज में अब तक नहीं मिला। दानिश के दावे व वीडियो फुटेज के बीच विरोधाभास ने पुलिस की उलझन बढ़ा दी है। कटघर थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार देर रात तक मूंढापांडे व रामपुर बाइपास रोड पर पुलिस वीडियो फुटेज खंगालती रही। लुटेरे की तस्वीर वीडियो फुटेज में कैद नहीं है। पुलिस दूसरे एंगल पर भी विचार कर रही है। स्थानीय मुखबिरों की मदद से लुटेरे तक पहुंचने का प्रयास हो रहा है।

कारोबारी के दावे से असमंजस में पुलिस
लुटेरे तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस लगातार रामपुर के कारोबारी से संपर्क बनाए हुए है। पुलिस की टीमें घायल दानिश से पूछताछ करने में जुटी हैं। पुलिस असमंजस की स्थिति में है। दानिश ने बताया कि रामपुर से मुरादाबाद आते वक्त उसकी टोपी सड़क पर गिर गई। टोपी की तलाश करते हुए वह रामपुर बाइपास की दूसरी पटरी से वापस दलपतपुर की ओर बढ़ने लगा। तभी लुटेरे ने वारदात को अंजाम दिया। अब सवाल यह है कि मुरादाबाद आने के दौरान कारोबारी जब अप पटरी पर था, तो अपनी टोपी की तलाश वह सड़क की डाउन पटरी पर क्यों कर रहा था? इसके अलावा कारोबारी के पास हेलमेट भी था। ऐसे में उसके सिर की टोपी कैसे निकल गई? सीसीटीवी फुटेज में कारोबारी तो कैद है, लेकिन पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिए का कोई व्यक्ति अब तक नहीं मिला। फायर एंगल भी पुलिस के मन में संदेह खड़ा कर रहा है। पुलिस कई बिंदुओं को एक साथ केंद्र में रखकर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है। घटना को लेकर कटघर पुलिस अभी भी ऊहापोह में है।

लूटकांड में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर दूसरा मुकदमा
मुरादाबाद। रामपुर के कारोबारी से लूट के मामले में काशीपुर दोराहा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार की तहरीर पर कटघर पुलिस ने दूसरा मुकदमा दर्ज किया है। चौकी प्रभारी के मुताबिक लूट की सूचना पर जब वह मौके पर पहुंचे, तो घटना स्थल के समीप घास से 32 बोर का एक तमंचा मिला। पूछताछ में कारोबारी के भाई ने बताया कि उक्त तमंचे से ही दानिश के सीने पर गोली मारी गई। तमंचे की नाल से एक खोखा भी बरामद हुआ। चौकी प्रभारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा कटघर थाने में दर्ज हुआ है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: एमडीए के पूर्व कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ गबन का मुकदमा

संबंधित समाचार