मुरादाबाद : नगर निगम बोर्ड की बैठक फिर टली, विपक्षी पार्षदों ने लगाया मनमानी का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। 15 दिन में नगर निगम बोर्ड की बैठक दूसरी बार टाल दी गई है। विपक्षी पार्टियों के पार्षदों ने महापौर पर पार्षदों के सवालों से बचने के लिए बोर्ड बैठक टालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है विकास कार्य के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, इसलिए महापौर बोर्ड की बैठक …

मुरादाबाद,अमृत विचार। 15 दिन में नगर निगम बोर्ड की बैठक दूसरी बार टाल दी गई है। विपक्षी पार्टियों के पार्षदों ने महापौर पर पार्षदों के सवालों से बचने के लिए बोर्ड बैठक टालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है विकास कार्य के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, इसलिए महापौर बोर्ड की बैठक कराने से बचना चाह रहे हैं।

मंगलवार को होने वाली नगर निगम बोर्ड की बैठक टाल दी गई है। 15 दिन में दो बार बोर्ड बैठक की तारीख टालने से महापौर विपक्षी दल के पार्षदों के निशाने पर हैं। हालांकि वह इससे इंकार कर रहे हैं। कांग्रेस पार्षद दल के नेता कमर सलीम का कहना है कि 20 जून की बैठक रामपुर में उप चुनाव होने का बहाना बनाकर टाल दी गई थी, जबकि यहां से कोई मतलब नहीं था। अब तीन दिन पहले पांच जुलाई की तारीख तय कर बोर्ड बैठक की सूचना पार्षदों को दी गई लेकिन शाम को अचानक बैठक टालने का फरमान सुना दिया गया।

बैठक के बार-बार टलने से वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए नगर निगम कार्यकारिणी द्वारा स्वीकृत किए गए वित्तीय वर्ष 2022-23 के 417.39 करोड़ के मूल बजट (आय व्ययक) की मंजूरी भी लटक गई। इससे विकास कार्यों के लिए धनराशि मिलने पर संकट गहराएगा। हालांकि सात मई को हुई कार्यकारिणी की बैठक में 2021-22 के पुनरीक्षित बजट को भी स्वीकृति दी गई थी। बजट में कई मुद्दों पर भाजपा पार्षदों के द्वारा जताई गई आपत्ति को देखते हुए बोर्ड बैठक में भी उनका तेवर दिखना तय था। क्योंकि भाजपा के पार्षद विद्याशरण शर्मा, संजय सक्सेना आदि ने वाहन व्यय बढ़ाकर 30 से 45 लाख रुपए करने, पेट्रोल डीजल पर व्यय का बजट सात करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपए करने पर सवाल खड़ा किया था।

वहीं वर्तमान कार्यकाल के संभावित इस आखिरी बैठक को लेकर विपक्षी पार्षदों से अधिक भाजपा के ही पार्षदों ने निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर सवाल उठाने की तैयारी की थी। लेकिन बैठक के अचानक टालने से पार्षदों में मायूसी है। भाजपा के पार्षद गौरव श्रीवास्तव भी बैठक टलने से निराश हैं। उन्होने कहा कि बैठक में वार्ड के विकास के मुद्दे पर कई विषय उठाने की तैयारी थी।

कांग्रेस पार्षद अनुभव मेहरोत्रा का कहना है कि महापौर और भाजपा की बोर्ड जनहित व नगर निगम हित के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। विकास के नाम पर सवाल पूछे जाने से महापौर भाग रहे हैं। उनका कहना है कि वार्डो में विकास कार्य को गति देने से बचने की सोची समझी कोशिश की वह कड़ी निंदा करते हैं। वहीं इस मामले पर पक्ष लेने और बोर्ड बैठक टलने की वजह जानने के लिए महापौर विनोद अग्रवाल से संपर्क किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।

33000 पौधे लगाएगा नगर निगम
अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को नगर निगम की ओर से पौधरोपण का कार्यक्रम है। निगम को 33000 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसको सफल बनाने में सभी लगे हैं। मुरादाबाद शहर को हरा भरा रखने में नागरिकों को भी पूरा सहयोग करना चाहिए। बोर्ड बैठक के सवाल पर कहा कि हां बैठक टल गई है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : लूटकांड की परतें खोलने में पहले ही पायदान पर उलझी कटघर पुलिस

संबंधित समाचार