मुरादाबाद: 20 हजार रुपये का इनामी गिरफ्तार, सरकारी नौकरी दिलाने का नाम पर दो लोगों की थी ठगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस पुलिस ने फरार चल रहे 20000 के इनामी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बेटों के साथ मिलकर इंटर कॉलेज में क्लर्क की नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवकों से 12 लाख रुपये की ठगी की थी। शनिवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस पुलिस ने फरार चल रहे 20000 के इनामी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बेटों के साथ मिलकर इंटर कॉलेज में क्लर्क की नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवकों से 12 लाख रुपये की ठगी की थी। शनिवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि मोरा मुस्तकम निवासी कपिल कुमार ने दो अक्टूबर 2020 में सिविल लाइंस थाने में दिल्ली की दिलशाद कॉलोनी निवासी रामनरेश शर्मा, उसके बेटे पंकज शर्मा, प्रकुल शर्मा पर धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज बनाने, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। तहरीर में कपिल ने बताया कि वह रोजगार की तलाश में दिल्ली जा रहा था। बस में उसकी मुलाकात रामनरेश से हुई थी। 25 सितंबर 2016 में आरोपी राम नरेश, उसके बेटे पंकज और प्रकुल उसके घर मिलने आए।
यहां आरोपियों ने कपिल और अमित को बताया कि वह आरबी डाटा सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक है। कंपनी सरकारी विभाग की भर्ती के रिजल्ट बनाती है। वह कई युवकों की नौकरी लगवा चुके हैं। आरोपियों ने 27 नवंबर 2016 को अमित को भी कपिल के घर बुलाया और दोनों से नौकरी लगाने का नाम पर छह-छह लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपी अगवानपुर के पंडित सोरन लाल शर्मा स्मारक आदर्श इंटर कालेज ले गए। यहां आरोपियों ने उन्हें कुछ दस्तावेज दिए। कहा कि यह कॉलेज सरकारी मान्यता प्राप्त है। इसमें आपका वेतन भी सरकारी द्वारा आएगा। कॉलेज में क्लर्क पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। कुछ दिन बाद आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया।
गाजियाबाद से गिरफ्तार किए आरोपी
कहा कि जब तक शासन से नियुक्ति पत्र सत्यापित होकर आता है, तब आप लोग इलाहाबाद चले जाइए। वहां मेरे बेटे पंकज की कंपनी 2011 टीजीडी/पीजीटी के रिजल्ट बनाने के कार्य कर रही है। यहां आरोपियों ने बिना वेतन के छह माह तक कार्य कराया। छह माह बाद आरोपियों ने उन्हें घर भेज दिया। 29 नवंबर 2019 को आरोपियों ने अगवानपुर स्थित इंटर कालेज में बुलाया और आरोपियों ने मारपीट की। सीओ सिविल लाइंस ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार थे। 31 दिसंबर 2021 को एसएसपी ने आरोपी राम नरेश शर्मा की गिरफ्तारी पर 20000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सूचना मिली थी कि आरोपी गाजियाबाद में हैं। शुक्रवार रात पुलिस ने गाजियाबाद जनपद के टीला मोड़ के एन्कलेव कोयना में दबिश देकर आरोपी राम नरेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलरूप से बागपत के मेहनवा निवासी है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: सड़क हादसे में जीजा की मौत, साला गंंभीर
