बरेली: बच्चों की बात पर हुआ विवाद, भाई ने भाई की ही ले ली जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जनपद बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव रत्ना नन्दपुर में बच्चों की बात पर हुए विवाद में भाई ही भाई के खून के प्यासे हो गए। मझले भाई ने अपने बच्चों व पत्नी के साथ छोटे भाई पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान बचाने आए बड़े भाई को भी नही छोड़ा। …

बरेली, अमृत विचार। जनपद बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव रत्ना नन्दपुर में बच्चों की बात पर हुए विवाद में भाई ही भाई के खून के प्यासे हो गए। मझले भाई ने अपने बच्चों व पत्नी के साथ छोटे भाई पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान बचाने आए बड़े भाई को भी नही छोड़ा। इस विवाद में छोटे भाई की जान चली गई, तो बड़ा भाई भी घायल हो गया। इस प्रकरण में पुलिस का कहना है कि थाना नवाबगंज, बरेली पर अभियोग पंजीकृत है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। मुख्य आरोपी पुलिस हिरासत में है। अनुवर्ती कार्यवाही प्रचलित है।

दरअसल, रत्ना नन्दपुर गांव के ज्वाला प्रसाद के दूसरे नम्बर के बेटे मनोहर लाल का पुत्र सूरज पाल दिल्ली से एक लड़की को ले आया था। सोमवार को स्कूल में नेकपाल की सात साल की बच्ची संध्या ने यह बात विद्यालय में कह दी, जिसकी शिकायत किसी ने मनोहर लाल के पुत्र हिमांशु से कर दी। हिमांशु ने यह बात अपने परिवार में बताई तो मनोहर बौखला गया और शाम करीब पांच बजे अपने बेटे व पत्नी के साथ गालियां देता हुआ नेकपाल के घर जा धमका। सभी को उत्तेजित देख बड़े भाई ईश्वरी प्रसाद ने समझाने का प्रयास किया तो मनोहर लाल उसकी पत्नी पुष्पा, बेटे सूरज पाल व उमेश ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर नेकपाल वहां पहुंचा तो उक्त सभी ने नेकपाल पर लाठी-डंडो व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

घटना की शिकायत 112 पर की गई तो मौके पर पहुंची गाड़ी घायल हालत में ईश्वरी प्रसाद व नेकपाल को लेकर थाने आई जहां से दोनों को मेडीकल के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया। जहां नेकपाल की हालत गंभीर होने पर बरेली रैफर कर दिया गया। एम्बूलेंस से बरेली जाने के दौरान नेकपाल की रास्ते में ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर सीओ अजय कुमार गौतम एसएचओ अशोक कुमार कंबोज के साथ सीएचसी पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। सीओ अजय कुमार गौतम ने बताया कि बच्चों की मामूली बात पर यह विवाद हुआ जिसमें नेकपाल की मौत हो गई।

संबंधित समाचार