अयोध्या : बाढ़ में कटान रोकने को मिले 2.42 करोड़, प्रशासन ने नहीं किया बचाव का कोई इंतजाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोसाईगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। सदर तहसील के मया ब्लॉक में बाढ़ की विभीषिका को रोकने के हो रहे कार्यों में गजब की लापरवाही बरती जा रही है, जिसके चलते इन गांवों में कटान रोकने के लिए शासन से मिले 2 करोड़ 42 लाख 83 हजार रुपये बर्बाद होना तय है। गौरतलब है कि तहसील सदर …

गोसाईगंज/ अयोध्या, अमृत विचार। सदर तहसील के मया ब्लॉक में बाढ़ की विभीषिका को रोकने के हो रहे कार्यों में गजब की लापरवाही बरती जा रही है, जिसके चलते इन गांवों में कटान रोकने के लिए शासन से मिले 2 करोड़ 42 लाख 83 हजार रुपये बर्बाद होना तय है।

गौरतलब है कि तहसील सदर के विकासखंड मया की 4 ग्राम सभाएं उनियार, भैरीपुर, हुसैनपुर व सुजानपुर सरयू नदी के किनारे बसे हैं। यहीं पर रामायणकालीन पौराणिक तीर्थस्थल श्रृंगीऋषि आश्रम भी है। जहां पूरब से बहती आ रही सरयू नदी उत्तर दिशा की तरफ मुड़ रही है, जिससे इन गांवों में बाढ़ के समय कटान का खतरा बना रहता है।

कटान रोकने और अन्य बचाव कार्य के लिए शासन ने 2 करोड़ 42 लाख 83 हजार रुपये निर्गत किए हैं, जिसमें कटान सुरक्षा के लिए ग्राम समूह उनियार,भैरीपुर, हुसैनपुर व सुजानपुर में 300 मीटर की लंबाई एवं पांच अदत परक्यूपाइन स्टैंड और ढाई सौ मीटर की लंबाई में चार अदद परक्यूपाइन स्टैंड बनाने का कार्य प्रस्तावित किया गया।

सहायक अभियंता संदीप कुमार, जूनियर इंजीनियर रामा प्रसाद और संजय कुमार की देखरेख में कार्य को आरंभ कराया, लेकिन अभी तक सुजानपुर भैरीपुर में कार्य आरंभ ही नहीं हुआ है। उनियार और हुसैनपुर में भी 300 मीटर लंबाई में 5 अदद परक्यूपाइन की जगह 3 ही परक्यूपाइन स्टैंड लगाए गए हैं, जबकि सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान को छूने को बेताब है। अभी तक परियोजना के कार्य भी अधूरे हैं।

जेई संजय कुमार ने बताया कि दो गाँवों में बाढ़ में कटान को रोकने के लिए धनराशि प्राप्त हुई है। इससे चारों गांव की सुरक्षा हो जाएगी, जिसमें उनियार का 90 प्रतिशत कार्य और हुसैनपुर का 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

यह भी पढ़ें –जौनपुर: वाई-फाई की सुविधा से लैस हुआ तिलकधारी महाविद्यालय

संबंधित समाचार