अयोध्या : विवादित ढांचा विध्वंस मामले में पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई 18 को
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में विवादित ढांचे को गिराने के मामले में विशेष सत्र अदालत से बरी 32 लोगों को दोषी ठहराने संबंधी पुनरीक्षण याचिका पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में 18 जुलाई को सुनवाई होगी। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस मामले में सत्र अदालत के फैसले को चुनौती देने …
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में विवादित ढांचे को गिराने के मामले में विशेष सत्र अदालत से बरी 32 लोगों को दोषी ठहराने संबंधी पुनरीक्षण याचिका पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में 18 जुलाई को सुनवाई होगी।
अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस मामले में सत्र अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली पुनरीक्षण याचिका पर उच्च न्यायालय ने सोमवार को सुनवाई करते हुए अगली तारीख 18 जुलाई को नियत की है। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह की एकल पीठ ने यह आदेश याचिका दायर करने वालों के वकीलों के आग्रह पर दिया।
अदालत ने साफ कहा कि अगली तारीख पर सुनवाई को मुल्तवी करने संबंधी पक्षकारों की कोई दलील नहीं सुनी जायेगी। याचिका में, इस मामले के अभियुक्तों को बरी किये जाने संबंधी सत्र न्यायालय के फैसले को चुनौती दी गई है। साथ ही इस मामले में आरोपी बनाये गये भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह, उमा भारती समेत सभी 32 लोगों को दोषी करार दिए जाने की भी गुजारिश की गई है।
न्यायमूर्ति सिंह की एकल पीठ के समक्ष अयोध्या निवासी हाजी महबूब अहमद व सैयद अखलाक अहमद की ओर से दाखिल याचिका सुनवाई के लिए पेश हुई। याचियों की ओर से मामले को किसी अन्य दिन सुने जाने का अनुरोध किया गया। इस पर अदालत ने 18 जुलाई की अगली तारीख तय करते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि अगली तारीख पर मामले की सुनवाई टाली नहीं जाएगी।
यह भी पढ़ें –शादी के बाद शगुन किट अपनाएं, परिवार को खुशहाल बनाएं
