मुरादाबाद: झोलाछाप अस्पताल में जच्चा की मौत, परिजनों ने किया बवाल
मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। सीएचसी के निकट झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल में जच्चा की मौत होने पर तीमारदारों ने हंगामा किया। ग्रामीणों का आक्रोश देख झोलाछाप अस्पताल से भाग निकला। तीमारदारों का कहना है कि महिला की मौत गलत आप्रेशन के कारण हुई है। थाने से आधा किमी की दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट …
मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। सीएचसी के निकट झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल में जच्चा की मौत होने पर तीमारदारों ने हंगामा किया। ग्रामीणों का आक्रोश देख झोलाछाप अस्पताल से भाग निकला। तीमारदारों का कहना है कि महिला की मौत गलत आप्रेशन के कारण हुई है।
थाने से आधा किमी की दूरी पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट गुरुवार को मोहल्ला गढ़ी निवासी मोहम्मद उमर के बेटे झोलाछाप डॉक्टर मोहम्मद रिजवान ने घर में चलाये जा रहे अस्पताल में रविवार को बकरीद के दिन गांव गजरौला सैद निवासी नाजमा का बड़ा आप्रेशन किया था। महिला को आप्रेशन से लड़की पैदा हुई। बुधवार को जच्चा की हालत बिगड़ गई। झोलाछाप ने जच्चा को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन बुधवार को जच्चा को उपचार के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उपचार करने से मना कर दिया। तीमारदारों के अनुरोध पर महिला को उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया। जच्चा की हालत में सुधार नही होने पर गुरुवार को चिकित्सकों ने जच्चा को आक्सीजन लगाकर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। तीमारदार जच्चा को पुनः झोलाछाप के अस्पताल में ले आये। यहां आक्सीजन हटाने के कुछ देर बाद ही जच्चा की मौत हो गई।
तीमारदारों ने जच्चा की मौत की वजह गलत आप्रेशन बताते हुए झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा करना शरु कर दिया। झोलाछाप डॉक्टर तीमारदारों का गुस्सा देखकर फरार हो गया। कार्रवाई की मांग को लेकर तीमारदार दो घंटे तक अस्पताल में हंगामा करते रहे। इस दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर जाम लग गया। इतना हंगामा होने पर भी स्थानीय पुलिस सोती रही। ग्रामीणों ने जच्चा की मौत पर हंगामा होने की सूचना एसपी ग्रामीण विद्या शंकर मिश्र को दी। एसपी ग्रामीण के निर्देश पर पुलिस हरकत में आई।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचकर हंगामा कर रही भीड़ को हटाया। पुलिस के पहुंचने पर तीमारदारों और झोलाछाप डॉक्टर के पिता में लेनदेन होने के बाद समझौता हो गया। तीमारदार थानाध्यक्ष से कार्रवाई करने से मना करने लगे। मृतका के पति ने कार्रवाई नही करने के लिए पुलिस को लिखित में तहरीर दी है। एहतियाती के तौर पर अस्पताल के निकट पुलिस का पहरा बैठा दिया है।
विदित हो कि झोलाछाप डॉक्टर मोहम्मद रिजवान मुरादाबाद के निजी अस्पताल में विगत दस वर्षों से कंपाउंडर का कार्य कर रहा है।चार वर्ष से वह मोहल्ला गढ़ी में घर पर ही अस्पताल खोलकर छोटी बड़ी सर्जरी व गर्भपात तक कर रहा है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बैंक मैनेजर पर सेटलमेंट के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप
