बहराइच: गल्ला व्यापारी का ऐलान, नान ब्रांडेड गल्ले पर GST लगाने के विरोध में करेंगे हड़ताल
बहराइच। केंद्रीय जीएसटी काउंसिल द्वारा नान ब्रांडेड अनाज, आटा, चावल व गुड़ इत्यादि पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगाए जाने के विरोध में आगामी 16 जुलाई को गल्ला व्यापारी हड़ताल पर रहेंगे। उद्योग व्यापार मंडल व गल्ला व्यापार मंडल ने डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर केंद्रीय वित्त मंत्री से अपना विरोध दर्ज कराया है। हस्ताक्षरित ज्ञापन …
बहराइच। केंद्रीय जीएसटी काउंसिल द्वारा नान ब्रांडेड अनाज, आटा, चावल व गुड़ इत्यादि पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगाए जाने के विरोध में आगामी 16 जुलाई को गल्ला व्यापारी हड़ताल पर रहेंगे। उद्योग व्यापार मंडल व गल्ला व्यापार मंडल ने डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर केंद्रीय वित्त मंत्री से अपना विरोध दर्ज कराया है।
हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा
जिला उद्योग व्यापार मंडल एवं गल्ला व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरी शंकर भानीरामका के नेतृत्व में व्यापारी नेताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय को गल्ला व्यापार मंडल पदाधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा है।
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गौरी शंकर भानीरामका ने बताया कि जीएसटी काउंसिल के निर्णय के अनुसार आगामी 18 जुलाई से नान ब्रांडेड अनाज, आटा, चावल व गुड़ आदि पर 5 प्रतिशत जीएसटी लागू हो रहा है। यह पूर्णतया गलत व अमानवीय है तथा इससे गल्ला आधारित उद्योगों पर विपरीत असर पड़ेगा।
उद्योग व्यापार मण्डल महामंत्री रितेश गुप्ता ने कहा कि “पूर्व में जीएसटी लागू करते समय भारत सरकार ने इन वस्तुओं पर जीएसटी लागू नहीं किए जाने का आश्वासन दिया था। काउंसिल के इस फैसले से गल्ला व्यापारियों के साथ साथ किसानों का भी भारी नुकसान होगा। इन्हीं कारणों से हम सभी गल्ला व्यापारी इस टैक्स का विरोध कर रहे हैं।
गल्ला व्यापार मंडल पदाधिकारी संजय टंडन ने बताया
गल्ला व्यापार मंडल पदाधिकारी संजय टंडन ने बताया कि “उक्त अमानवीय टैक्स के विरोध में गल्ला व्यवसाइयों ने आगामी शनिवार 16 जुलाई को गल्ला व्यवसाय बंद रखने का निर्णय लिया है। शनिवार को गल्ला मंडी, दाल मिलें, राइस मिलें, फ्लोर मिलें, आयल मिलें एवं थोक गल्ला व्यापार पूर्ण रुप से बंद रहेंगे।
हड़ताल के दिन किसी भी प्रकार की लोडिंग अनलोडिंग एवं व्यापारिक कार्य नहीं किया जाएगा। ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजमोहन मातनहेलिया, उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा, गल्ला व्यापार मंडल पदाधिकारी विनोद अग्रवाल, रितेश गुप्ता, संजय टंडन, हुकुम चौधरी, सलीम व समीउल्ला आदि व्यापारी नेता मौजूद रहे।
