बिजनौर : दोस्त की बरात में जा रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने रौंदा, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/ नूरपुर/अमृत विचार। शेरकोट से दोस्त की बरात में चांदपुर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में दोनों दोस्तों की ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने ट्रक को कब्जे लेकर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज …

बिजनौर/ नूरपुर/अमृत विचार। शेरकोट से दोस्त की बरात में चांदपुर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में दोनों दोस्तों की ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने ट्रक को कब्जे लेकर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

शेरकोट के मोहल्ला शादनगर उर्फ सातकाबाद निवासी मोहम्मद शाकिब (22 ) पुत्र साबिर व नौशाद (21) पुत्र नसीम अपने ही मोहल्ले के दोस्त फैजान की बरात में शामिल होने बाइक से चांदपुर जा रहे थे। नौशाद के चचेरे भाई फैजान की शादी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे नूरपुर धामपुर मार्ग पर गांव ढेला अहीर के पास नूरपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक को आमने से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी चालक फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायलों को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को ही मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिए हैं। घटना के संबंध में मृतक नौशाद के चाचा कय्यूम की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह सौलंकी ने तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है ।

बाइक से जाने की जिद ने छीन ली युवकों की जिंदगी
नूरपुर धामपुर मार्ग पर गांव ढेला अहीर के पास ट्रक की टक्कर से जान गंवाने वाले शोरकोट के युवकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। साथ ही तहेरे भाई की मौत होने से शादी की खुशियां गम में बदल गईं। देर शाम तक मृतकों के घर लोगों का तांता लगा रहा। वहीं मृतक नौशाद व शाकिब के परिजनों ने बताया कि बरात में जाने के लिए दोनों बस में बैठ गए थे। लेकिन कुछ देर बाद बस से उतर गए और बाइक से जाने की योजना बनी ली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि युवक बस से ही बरात में चले जाते तो शायद यह घटना घटती नहीं होती।

परिजनों ने बताया कि ग्राम सातनगर निवासी नसीम के चार पुत्र सद्दाम, नफीस, नौशाद व नौमान कश्मीर में रहकर सैलून का काम करते हैं। शनिवार को नसीम के भाई हसीन के बेटे फैजान की बरात चांदपुर गई थी। अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए नौशाद दो दिन पूर्व ही गुरुवार को कश्मीर से अपने गांव आया था। बताया जाता है कि जब नौशाद कश्मीर से अपने घर आ रहा था तो उसके भाइयों ने उसे रोका था। लेकिन, चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए वह घर आ गया था। वहीं शाकिब पुत्र साबिर भी गुजरात के सूरत में सैलून का काम करता था। वह कुछ दिन पूर्व ही घर आया था। चार भाइयो में दूसरे नंबर का शाकिब अपने दोस्त नौशाद के साथ बाइक से फैजान की बरात में चांदपुर जा रहा था। लेकिन दोनों ही दोस्तों की हादसे में जान चली गई।

हेलमेट नहीं पहने थे दोनों
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इस वजह से लोगों को अधिक चोट लग गई। जिससे लोगों की जान नहीं बच सकी। अगर हेलमेट पहने होते तो शायद दोनों की जान बच सकती थी।

ये भी पढ़ें : बिजनौर : नशे के आदी भतीजे ने की थी महिला की हत्या, गिरफ्तार

संबंधित समाचार