सीतापुर: मछली पकड़ने गए तीन बच्चे नदी में डूबे, हुई मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। जिले के रामपुर मथुरा इलाके में बह रही गोबरिया नदी में मछली पकड़ने गए तीन बच्चे गहरे पानी में पैर फिसलने के कारण समा गए, ऐसे में उनकी मौत हो गई। एक घण्टे से अधिक समय तक चली तलाश के बाद तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों …

सीतापुर। जिले के रामपुर मथुरा इलाके में बह रही गोबरिया नदी में मछली पकड़ने गए तीन बच्चे गहरे पानी में पैर फिसलने के कारण समा गए, ऐसे में उनकी मौत हो गई। एक घण्टे से अधिक समय तक चली तलाश के बाद तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में विधिक प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। तहसीलदार महमूदाबाद का कहना है कि परिवार को मुआवजा दिलाए जाने की विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

बताते हैं कि महमूदाबाद तहसील क्षेत्र के रामपुर मथुरा निवासी अमित (11) पुत्र राजेन्द्र, ललित (10) पुत्र गया प्रसाद और श्यामसुन्दर (10) पुत्र केशन रविवार सुबह करीब दस बजे घर से मछली पकड़ने के लिए निकले थे। गांव के बाहर गोबरइया नदी के किनारे पहुंचकर मछली पकड़ने के लिए कटिया डाल दी। लोगों की मानें तो अचानक अमित का पैर गीली मिट्टी में फिसल गया और वो गहरे पानी में समा गया। साथी को डूबता देख एक एक कर दोनों बच्चे आगे बढ़े और वो भी गहरे पानी में समा गए। इसी बीच मची चीख पुकार के बाद लोग जमा हो गए। निजी गोताखोर कूदे लेकिन बच्चे नहीं मिल सके। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया गया।

तहसीलदार महमूदाबाद मनीष कुमार की मौजूदगी में निजी गोताखारों की मदद से एक घण्टे से अधिक समय तक चली खोजबीन के बाद अमित, ललित और श्यामसुन्दर के शवों को गोबरइया नदी के गहरे पानी से निकाला जा सका। परिवारीजनों की मौजूदगी में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। तहसीलदार मनीष कुमार कहते हैं कि तीनों परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए विभागीय कार्रवाई पूरी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पढ़ें-भारी बारिश से 13 पुलों में भरा पानी, कई गांवों में यातायात हुआ ठप

संबंधित समाचार