रामपुर : नीट में हिंदी माध्यम वालों को बांट दिया अंग्रेजी का पेपर
रामपुर, अमृत विचार। रामपुर में पहली बार हुई नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर हिंदी माध्यम वाले परीक्षार्थियों को अंग्रेजी का पेपर थमा दिया गया। गड़बड़ी पकड़ में आने पर 15 कक्षों में प्रश्न पत्र बदले गए और ओएमआर शीट की फोटो स्टेट कराकर बांटी गईं। इसके अलावा परीक्षार्थियों …
रामपुर, अमृत विचार। रामपुर में पहली बार हुई नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) के दौरान एक परीक्षा केंद्र पर हिंदी माध्यम वाले परीक्षार्थियों को अंग्रेजी का पेपर थमा दिया गया। गड़बड़ी पकड़ में आने पर 15 कक्षों में प्रश्न पत्र बदले गए और ओएमआर शीट की फोटो स्टेट कराकर बांटी गईं। इसके अलावा परीक्षार्थियों को एक घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। परीक्षा देर से खत्म होने पर परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े परिजनों ने हंगामा किया और तरह-तरह के आरोप लगाए।
रविवार को अपराह्न दो बजे से शाम 5:20 बजे तक नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट होना था। इसके लिए तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, राहे रजा स्थित ग्रीनवुड सीनियर सेकेंड्री स्कूल के परीक्षा कक्षों में अपराह्न दो बजे ओएमआर शीट और प्रश्न पत्र बांटे गए। पेपर सील खोलते समय कोड पर ध्यान नहीं दिया गया और नंबरिंग से सील खोलकर प्रश्न पत्र परीक्षार्थियों को बांट दिए गए। लेकिन, जब हिंदी माध्यम के परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी का प्रश्न पत्र देखा तो उनके होश उड़ गए इससे पहले उन्होंने ओएमआर शीट पर अपना अनुक्रमांक, पेपर कोड के अलावा तमाम रिक्त स्थान भर दिए थे। प्रश्न पत्र गलत बंटने पर व्यवस्थापकों के होश उड़ गए आनन-फानन में एग्जाम कंट्रोलर को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि खाली ओएमआर शीट की फोटो स्टेट कराकर प्रश्न पत्र एक्सचेंज कर बंटवाए जाएं। इसके लिए परीक्षार्थियों को बता दिया जाए कि इस कार्य में जितना भी समय लगेगा उसके लिए अतिरिक्त समय दिया जाएगा। एग्जाम कंट्रोलर द्वारा बताए अनुसार ओएमआर शीट की फोटो स्टेट कर परीक्षार्थियों को बंटवाई गई और प्रश्न पत्र बदल दिए गए। केंद्र व्यवस्थापक नीरज तिवारी ने बताया कि इस बार नीट में हिंदी माध्यम वालों के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रश्न पत्र दिया गया था। जबकि, अंग्रेजी मीडियम वालों के लिए केवल अंग्रेजी में प्रश्न पत्र था। जल्दी में हिंदी माध्यम वालों को अंग्रेजी का प्रश्न पत्र दे दिया गया, जिसके कारण गड़बड़ी हुई। बिगड़ी स्थिति को संभालने में लगभग एक घंटा बीस मिनट का समय लगा इसके लिए परीक्षार्थियों को उतना अतिरिक्त समय दे दिया गया।
परीक्षा छूटने में देरी पर परिजनों ने किया हंगामा
परीक्षा छूटने में देरी होने पर परीक्षार्थियों के परिजनों ने परीक्षा केंद्र के गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि करीब दोपहर एक बजे से बच्चे परीक्षा केंद्र में गए हुए हैं और छह बज रहे हैं वे पेपर देकर बाहर नहीं आए हैं। मोहम्मद रेहान ने तमाम आरोप लगाते हुए कहा कि परीक्षा शाम 5:20 बजे खत्म होनी थी लेकिन, समय अधिक हो गया और परीक्षा खत्म हो गई इसलिए परीक्षा पर शक होने लगा है।
गलती हुई इससे इनकार नहीं किया जा सकता और इस गलती से एग्जाम कंट्रोलर को अवगत करा दिया गया है। अब नेशनल टेस्ट एजेंसी को निर्णय लेना है वह जो भी निर्णय लेगी वह कुबूल है।नीरज तिवारी, केंद्र व्यवस्थापक ग्रीनवुड स्कूल
ग्रीनवुड स्कूल में प्रश्नपत्र के बंटने में गड़बड़ी हुई है इसको परीक्षा आब्जर्वर पुष्पेंद्र कुमार को भी बता दिया गया और दिल्ली को भी रिपोर्ट भेज दी गई है। मुझे सूचना मिली मैं तुरंत परीक्षा केंद्र पर पहुंचा और जैसा बताया गया वैसा ही किया गया है। बाकी दोनों सेंटरों पर कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।-मनोज पाठक, नीट परीक्षा समन्वयक
