बरेली: बैटरी चोरी होने से सिग्नल फेल, रेल संचालन प्रभावित
बरेली, अमृत विचार। कैंट रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात करीब 2 बजे चोरों ने रेलवे की तीन बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया। जिसकी वजह से डाउन लाइन पर रेल सिग्नल फेल हो गया। सिग्नल फेल होने की वजह से ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। जिसके बाद सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन विभाग की टीम मौके पर पहुंची …
बरेली, अमृत विचार। कैंट रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात करीब 2 बजे चोरों ने रेलवे की तीन बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया। जिसकी वजह से डाउन लाइन पर रेल सिग्नल फेल हो गया। सिग्नल फेल होने की वजह से ट्रेनें भी प्रभावित हुईं। जिसके बाद सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नई बैटरियां लगाकर रेल संचालन बहाल कराया गया। आरपीएफ ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कैंट स्टेशन से आगे रात में 2 बजे डाउन लाइन पर अचानक सिग्नल रेड हो गया। कई ट्रेनें पीछे के स्टेशनों पर ही खड़ी कर दी गईं। रेलवे के कर्मचारियों ने चेक किया तो रसोईया की तरफ किलोमीटर संख्या 1303 पर खंभा संख्या 18 और 20 के बीच मौजूद जंक्शन बाक्स का ताला टूटा हुआ था और इसमें से तीन बैटरियां गायब थीं।
सिग्नल फेल होने से रेल संचालन ठप पड़ गया था जिसकी वजह से ट्रेनों को पेपर काशन देकर गुजारा गया। 14674 शहीद एक्सप्रेस और 14266 देहरादून बनारस एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित होने की बात कही गई। कैंट स्टेशन के पास चोर कई बार इस प्रकार की घटनाएं कर चुके हैं। जंक्शन बाक्स तोड़कर चोरी की गई बैटरियों की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई जा रही है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अभिषेक बिजारणिया ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: राष्ट्रपति चुनाव में सपा विधायक शहजिल इस्लाम ने की क्रॉस वोटिंग !
