अमरोहा : नगर पालिका सीमा विस्तार को सरकार की हरी झंडी, सात वर्ग किलोमीटर तक बढ़ेगी सीमा
अमरोहा, अमृत विचार। लंबे समय से चली आ रही नगर पालिका सीमा विस्तार की मांग मंगलवार को आखिर पूरी हो ही गई। कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। अब अमरोहा नगर पालिका की सीमा चारों तरफ सात वर्ग किलोमीटर तक फैल जाएगी। इसमें 45 गांवों को शामिल …
अमरोहा, अमृत विचार। लंबे समय से चली आ रही नगर पालिका सीमा विस्तार की मांग मंगलवार को आखिर पूरी हो ही गई। कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। अब अमरोहा नगर पालिका की सीमा चारों तरफ सात वर्ग किलोमीटर तक फैल जाएगी। इसमें 45 गांवों को शामिल किया जाएगा। इससे सुबोधनगर के लोगों में भी खुशी का माहौल है।
वर्ष 1880 में अमरोहा को नगर पालिका परिषद का दर्जा प्राप्त हुआ था और उसके बाद 1972 में सीमा विस्तार किया गया था, लेकिन इसके बाद सीमा विस्तार नहीं हो पाया। लंबे समय से सीमा विस्तार की मांग की जा रही थी। जब शशि जैन पालिका की अध्यक्ष बनी तो उन्होंने सीमा विस्तार के लिए काफी प्रयास किए। जून 2018 में पालिका बोर्ड की बैठक में सीमा विस्तार का प्रस्ताव पास कराकर तत्कालीन डीएम हेंमत कुमार की संस्तुति से शासन को भेजा गया था। बताते हैं कि उस समय 19 सभासदों ने इसका विरोध किया और हाईकोर्ट चले गए।
कोर्ट ने शासन स्तर से ही सीमा विस्तार की समस्या का हल कराने के निर्देश दिए थे। शासन ने नए आदेश जारी कर कहा सीमा विस्तार के प्रस्ताव के लिए बोर्ड की बैठक या फिर डीएम की संस्तुति में से किसी एक को ही पर्याप्त बताया था। जिसके बाद तत्कालीन डीएम उमेश मिश्र ने प्रस्ताव पर अपनी संस्तुति जताते हुए शासन को पत्र भेजा था।
नया सीमा विस्तार होने से अमरोहा के चारों तरफ सीमा बढ़ जाएगी और 45 गांव भी इसमें शामिल हो जाएंगे। जहां पर पालिका ही विकास कराएगी। मंगलवार को शासन ने हरी झंडी देते हुए कैबिनेट की बैठक में पालिका सीमा विस्तार पर मोहर लगा दी। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। पालिका आवास पर पहुंचकर एक दूसरे मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी।
यह गांव भी होंगे शामिल
चकगढ़मला, मकनपुर कस्बा, फरीदपुर घोसी, खालकपुर खुर्द, कलाली, दुर्गपुर, मिलक महमदी, मोहनपुर जानिब जनूबी, अमरोहा देहात, गुलड़िया, अल्हेदादपुर खुर्द, मीरा सराय, सलेमपुर हेमनगर, हुसैनपुर मालीखेड़ा, अली मोहम्मदपुर, मोहम्मदपुर नवादा, मसूदपुर, पंडकी, चक पंडकी, रायपुर खुर्द, रामपुर घना, दासीपुर, पचोकरा मेहरबान अली, उमरपुर, केशोपुर, ऐवजाबाद, मिलक सराय, नाजरपुर खुर्द, पटटी रायपुर कला, रायपुर कला, उक्सी, अहरोई, मिलक बिकनी, हाशमपुर, माहुबा, सादुल्लापुर, दाउदसराय, पंज सराय, निमाजपुर गारवी, जलालपुर नारायन, फाजलपुर, रजाकपुर, मोहम्मदपुर भूड़, अकबरपुर पटटी, मोहम्मदपुर जटटी गांव शामिल होंगे। अब इन गांवों में प्रधान पद समाप्त हो जाएगा और सभासद बनेंगे।
पालिका विस्तार की घोषणा होते ही चेयरमैन का स्वागत
अमरोहा। कैबिनेट की बैठक में नगर पालिका परिषद अमरोहा की सीमा विस्तार की खबर के बाद पालिका अध्यक्ष के आवास पर केक काटकर खुशी का इजहार किया गया। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में इस पर आधिकारिक घोषणा हो गयी। नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार होते ही अध्यक्षा शशि जैन के आवास पर सभासदों, भाजपाइयों का तांता लग गया। सभासदों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पालिकाध्यक्ष शशि जैन और ईओ पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।
मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में सीमा विस्तार पर मोहर लग गई है। अब आगे की कार्रवाई की जाएगी। काफी समय से सीमा विस्तार का मामला चल रहा है। इससे लोगों को फायदा मिलेगा। शहर के चारों तरफ सात वर्ग किलोमीटर तक सीमा बढ़ जाएगी। -डॉ. बृजेश सिंह, ईओ
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: सीएम योगी ने कांवड़ियों की मौत को बताया पुलिस की लापरवाही, दिए सख्त निर्देश
