मुरादाबाद : कांठ में विवाहिता की गला घोंटकर हत्या, शरीर पर मिले निशान
मुरादाबाद/ कांठ/अमृत विचार। कांठ कस्बे के महमूदपुरा मोहल्ले की काजल को बुधवार रात गला घोंट कर मौत के घाट उतार दिया गया। हालांकि ससुराली विवाहिता की हत्या को हादसे की शक्ल देने की असफल कोशिश करते रहे। ससुरालियों की मंशा पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पानी फेर दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर ससुरालियों के …
मुरादाबाद/ कांठ/अमृत विचार। कांठ कस्बे के महमूदपुरा मोहल्ले की काजल को बुधवार रात गला घोंट कर मौत के घाट उतार दिया गया। हालांकि ससुराली विवाहिता की हत्या को हादसे की शक्ल देने की असफल कोशिश करते रहे। ससुरालियों की मंशा पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पानी फेर दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। विवाहिता की हत्या से उसके मायके वाले सदमे में हैं।
डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम ढकिया पेरू निवासी नरेश कुमार कश्यप के मुताबिक तीन वर्ष पहले 2019 में उन्होंने अपनी पुत्री काजल की शादी कांठ कस्बे में महमूदाबाद मोहल्ला निवासी राहुल पुत्र लाखन के साथ की। तब सामर्थ्य के मुताबिक उन्होंने दान दहेज भी दिया। फिर भी ससुराली असंतुष्ट थे। वह ढाई लाख रूपए नकद व बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करते काजल का शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। मांग पूरी न होने पर बुधवार रात करीब आठ बजे ससुरालियों ने रस्सी से गला घोंट कर काजल को मार डाला। बेटी की हत्या होने की सूचना पर वह कांठ पहुंचे। तब ससुरालियों ने घटना को हादसा करार दिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गृह कार्य के दौरान गले में दुपट्टा कस जाने से काजल की मौत हो गई। ससुरालियों की दलील पीड़ित पिता के गले के नीचे नहीं उतरी।
गले की हड्डी व नसों में गहरा घाव मिला
पीड़ित की मांग पर गुरुवार को कांठ पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। चिकित्सकों के मुताबिक फंदा कसने से काजल की मौत हुई। गले की हड्डी व नसों में गहरा घाव मिला। मृतका के हाथ में भी चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम बाद शव पुलिस ने मृतका के पिता के सुपुर्द कर दिया। तहरीर के आधार पर आरोपी पति राहुल, ससुर लाखन, देवर रोहित, ननद पूनम, ताया ससुर चंद्रपाल, तायी सास लक्ष्मी देवी के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा पुलिस ने पंजीकृत किया। मृतका एक वर्षीय पुत्र की मां थी। मायके वाले बच्चा अपने साथ ले गए। सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बावत थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण में दहेज हत्या का अभियोग दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : साहब! ससुरालियों से मेरे बच्चे वापस दिला दो, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई गुहार
