बिजनौर : चोरी के 52 मोबाइल और लैपटॉप के साथ चार बदमाश गिरफ्तार, कई जिलों में करते थे चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर पुलिस ने शुक्रवार को चार शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से 52 मोबाइल दो लैपटॉप बरामद किए। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचा और चाकू भी बरामद किए। कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस …

बिजनौर, अमृत विचार। बिजनौर पुलिस ने शुक्रवार को चार शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से 52 मोबाइल दो लैपटॉप बरामद किए। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचा और चाकू भी बरामद किए। कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि एएसपी नगर डॉ. प्रवीण रंजन सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर ने जनपद की स्वाट व सर्विलांस टीम के सहयोग से थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बीते गुरुवार की देर शाम बाईपास रोड पर बिजनौर-झालू रेलवे फाटक के निकट चैकिंग अभियान चलाते हुए ग्राम बक्शीवाला से अभियुक्तों शावेज 22 वर्ष पुत्र मौ. खलील निवासी मौहल्ला रादगान थाना किरतपुर, आदिल 32 वर्ष पुत्र रईस निवासी ग्राम मंझेड़ा थाना नगीना, कासिफ 35 वर्ष पुत्र अनीस निवासी मौहल्ला नई सराय थाना धामपुर, खालिद 34 वर्ष पुत्र तस्लीम निवासी ग्राम पिरथीपुर बनवारी थाना धामपुर को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से विभिन्न कम्पनियों के 52 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप एचपी कम्पनी व दो तमन्चे 315 बोर, दो जिन्दा कारतूस, दो चाकू नाजायज बरामद किये।

पुलिस टीम ने सभी अभियुक्तों को थाने लाकर उनके विरुद्ध थाना कोतवाली शहर में विभिन्न धाराओं में मुकदमें पंजीकृत किये हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने जानकारी देते हुए बताया कि वह सभी मेरठ, बिजनौर तथा आसपास के जनपदों में रेकी करके अलग अलग जगहों से मोबाइल फोन व लेपटॉप चोरी करते हैं। चोरी किये गये सभी मोबाइलों व लैपटॉप को वह धामपुर में स्मार्ट मोबाइल के स्वामी खालिद को बेच देते हैं। दो महीने पहले भी उन्होंने बिजनौर के ज्ञान विहार कालोनी में एक घर से  एक लैपटॉप तथा चार मोबाइल फोन चोरी किये थे। जिनमें से तीन मोबाइल व एक लेपटॉप उन्होंने राह चलते अंजान व्यक्ति को बेच दिये, जबकि बरामद एक मोबाइल फोन उसी चोरी का है। इस सम्बन्ध में थाना कोतवाली शहर में पूर्व में भी मुकदमे पंजीकृत है।

पुलिस द्वारा अभियुक्तों को रिमाण्ड पर लेकर चोरी की अन्य घटनाओं व बरामदगी के सम्बन्ध में पूछताछ की जाएगी। वहीं इनके विरुद्ध गैंगस्टर तथा गुण्डा एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी। स्वाट निरीक्षक मनोज परमार व सतेन्द्र सिंह, दरोगा जर्रार हुसैन प्रभारी सर्विलांस, राजकुमार नागर, रईस अहमद, खालिद, अरुण कुमार, मोनू कुमार, सुमित अहलावत, मोहित शर्मा, बेताब जावला, मोहित कुमार, गौरव तोमर, प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार वशिष्ठ, दरोगा सुभाष धनखड़, दरोगा यश देव शर्मा, दरोगा योगेश मायी, कां. हरेन्द्र मलिक, कां. ओमवीर सिंह, कां. रोशन लाल आदि मौजूद रहे।

 

ये भी पढ़ें : बिजनौर: कार्य योजना समयपूर्वक अपलोड न करने पर तीन खंड विकास अधिकारियों का रोका वेतन

संबंधित समाचार