अयोध्या होगा रंगीला, तिरंगे की लाइटिंग से हफ्ते भर जगमगाएंगे सरकारी विभाग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। इस बार एक सप्ताह तक स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा। अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय व शहीद स्मारक तिरंगे की आकर्षक लाइटिंग से जगमगाते भी दिखेंगे। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान हर …

अयोध्या। इस बार एक सप्ताह तक स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा। अमृत महोत्सव के तहत 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय व शहीद स्मारक तिरंगे की आकर्षक लाइटिंग से जगमगाते भी दिखेंगे। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम तैयार करने के लिए मंडलायुक्त ने निर्देश जारी किए हैं।

पहले दिन स्कूलों में झंडा गीतों का गायन हो। तिरंगा के सफर पर आधारित प्रदर्शनियों, पेन्टिंग व निबन्ध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएं। दूसरे दिन हर गांव में पौधरोपण व नुक्कड़ नाटक कराए जाएं। एक दिन परिषदीय विद्यालयों में नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रभात फेरियां आयोजित हों व राष्ट्रभक्ति के गीत, कविताओं की प्रतियोगिताएं कराई जाएं। स्वतन्त्रता सप्ताह की अवधि में हर सरकारी कार्यालय और शहीद स्मारक पर तिरंगे की आकर्षक लाइटिंग हों। ग्राम सचिवालयों का शहीदों व स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर नामकरण किया जाए।

स्वतन्त्रता सप्ताह की अवधि में हर शहीद स्मारक पर प्रत्येक दिन कम से कम आधा घंटा पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीतों का वादन हो। सभी नागरिक इससे जुड़कर अपने फहराए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। प्रत्येक तिरंगा स्वयंसेवक कम से कम 5 घरों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। प्रत्येक विकास खंड में 75-75 पीआरडी जवान अपने गणवेश में तिरंगा लिए साइकिल रैली निकालें। स्वतन्त्रता दिवस से एक दिन पूर्व युवक मंगल दलों द्वारा मैराथन का आयोजन हो।

ये उपलब्ध कराएंगे तिरंगे

लोगों को झंडे आसानी से उपलब्ध कराने के लिए राशन की दुकानों, ग्राम पंचायत भवनों, जनसेवा केंद्रों, तहसील, ब्लॉक मुख्यालयों, प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और पेट्रोल पम्प, एलपीजी सेंटर, जिलों के विकास भवन, नगर निगम, नगर पालिका, अर्बन लोकल बॉडी, इडा. विकास प्राधिकरण, सिविल डिफेन्स, रेजिडेन्ट वेलफेयर सोसाइटी, निगम पार्षद, बीट कॉन्स्टेबल, शिक्षामित्र के माध्यम से भी घरों में झंडा का वितरण कराने का निर्देश दिया गया है।

अयोध्या के लिए 3.90 लाख तिरंगा बनाने का है लक्ष्य

जिला पंचायत राज अधिकारी शीतला प्रसाद सिंह के अनुसार हर घर तिरंगा लगाए जाने के संबंध में समस्त पंचायत सचिवों/ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, कोटेदारों एवं पंचायत सहायकों को निर्देशित किया गया है। शासन की तरफ से जनपद अयोध्या को 3 लाख 90 हजार झण्डे बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पढ़ें-हरदोई में सडे जानवरों की दुर्गंध सूंघने को मजबूर है कांवरिये

संबंधित समाचार