राष्ट्रमंडल खेलों के लिए महिला जिम्नास्ट टीम के कोच नियुक्त किए गए बिश्वेश्वर नंदी, रियो ओलंपिक में निभाई थी अहम भूमिका
नई दिल्ली। रियो ओलंपिक 2016 में दीपा कर्माकर को ऐतिहासिक चौथे स्थान पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले जिम्नास्टिक कोच बिश्वेश्वर नंदी को विवादास्पद रोहित जायसवाल के स्थान पर बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय महिला टीम का कोच नियुक्त किया गया है। जायसवाल को पहले महिला टीम का कोच नियुक्त …
नई दिल्ली। रियो ओलंपिक 2016 में दीपा कर्माकर को ऐतिहासिक चौथे स्थान पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले जिम्नास्टिक कोच बिश्वेश्वर नंदी को विवादास्पद रोहित जायसवाल के स्थान पर बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय महिला टीम का कोच नियुक्त किया गया है।
जायसवाल को पहले महिला टीम का कोच नियुक्त किया गया था लेकिन जिम्नास्ट अरुणा बुद्धा रेड्डी ने उन पर उनकी अनुमति के बिना वीडियोग्राफी करने का आरोप लगाया था जिसके बाद उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों की टीम से हटा दिया गया था। बिश्वेश्वर नंदी ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय शिविर से कहा, ‘‘ मैंने एक दिन पहले वीजा संबंधी औपचारिकताएं पूरी की और मुझे कल तक वीजा मिलने की उम्मीद है। मैं 29 जुलाई तक टीम से जुड़ जाऊंगा।’’
जायसवाल को हटाए जाने से उनकी शिष्या और भारत की तरफ से पदक की दावेदार प्रणति नायक की संभावनाओं को झटका लगा है लेकिन बिश्वेश्वर नंदी ने कहा कि वह टीम के प्रत्येक सदस्य का ध्यान रखेंगे। नंदी ने कहा, ‘‘यह कोई मसला नहीं होगा क्योंकि मैं उन्हें कई वर्षों से जानता हूं। इसके अलावा मेरी शिष्या प्रोतिस्ता सामंत भी है जिन्हें मैंने कई वर्षों तक प्रशिक्षण दिया है। इस साल के शुरू में मिस्र और अजरबैजान में अच्छे प्रदर्शन के बाद वह भी पदक की दावेदार है।’’
ये भी पढ़ें : Video : सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया का ड्रेसिंग रूम में जबरदस्त जश्न, बल्ला लहराकर नाचे श्रेयस अय्यर
