बिजनौर : दोस्तों के साथ अवैध संबंध न बनाने पर की थी महिला की हत्या, चार गिरफ्तार
बिजनौर,अमृत विचार। पति पर ही शक की सुई घुमाने वाली पुलिस ने कुमकुम हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पति के दोस्त सहित उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है। दोस्तों के साथ संबंध बनाने का विरोध करने पर दोस्तों ने ही मिलकर महिला की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी थी। …
बिजनौर,अमृत विचार। पति पर ही शक की सुई घुमाने वाली पुलिस ने कुमकुम हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पति के दोस्त सहित उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है। दोस्तों के साथ संबंध बनाने का विरोध करने पर दोस्तों ने ही मिलकर महिला की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी थी। शरीर से फिंगर प्रिंट मिटाने के लिए पानी छिड़ककर मिट्टी का लेप कर दिया था।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन के सभागार में एसपी ग्रामीण राम अर्ज व क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया ने घटना का खुलासा किया। चांदपुर थाना क्षेत्र के ककराला गांव से 19 जुलाई 2022 को कुमकुम (27) पत्नी सुनील निवासी ग्राम भगवंतपुर ककराला का शव जगदीश के खेत से बरामद हुआ था। मृतका के गले में उसी की चुनरी का फंदा लगा हुआ था। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर अंशुल, छोटू, कंचन, दीपक, राजू, अनिल समस्त निवासी ग्राम भगवन्तपुर ककराला व दो अज्ञात के विरुद्ध केस पंजीकृत किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घुटने से मृत्यु होना साफ हुआ था। हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस की ओर से मुकदमे में धारा 376 डी का लोप कर, 376/511 आईपीसी की वृद्धि की गई। मुखबिर की सूचना पर मुकदमे में नामित व विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान प्रकाश में आए आरोपी विशाल, छोटू, अमित और कोशिन्द्र निवासी ग्राम भगवन्तपुर ककराला को ग्राम ताहरपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशादेही पर गन्ने के खेत से पानी की बोतल, अमित का मोबाइल फोन, कुमकुम के फोटो सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में गहरे राज से उठा पर्दा
आरोपी विशाल ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि मृतका कुमकुम रिश्ते में उसकी चचेरी भाभी थी। कुमकुम के पति, जेठ व परिवार के लोग बाहर रहते हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसने तंत्र विद्या से कुमकुम को बहला फुसलाकर अपने से प्रेमजाल में फंसा लिया था। आरोपी चोरी छिपे-मिलते थे। पिछले कुछ समय से कुमकुम उससे खुश नहीं थी और उससे छुटकारा पाना चाहती थी। महिला उसका फोन नहीं उठाती थी तो वह अलग-अलग फोन नंबर से कुमकुम से बात करता था। 18 जुलाई की शाम को गांव के ही पंचायत भवन में वह अपने दोस्त छोटू, अमित तथा कोशिन्द्र के साथ बैठा था। इसी दौरान उसके दोस्तों ने उससे कहा कि कुमकुम बहुत सुंदर है। उनके भी कुमकुम के साथ संबंध बनवा दो। उन्होंने साजिश रची बनाई कि कुमकुम सुबह चारा लेने आएगी।
साजिश के तहत अगले दिन महिला सुबह घर से चारा लेने जंगल में गई तो वह भी पीछे-पीछे चले गए। जब वह घास काट रही थी तो चोरों आरोपी महिला के पास पहुंच गए। तभी महिला ने विरोध किया और शोर मचा दिया। सारी बातें गांव में जाकर बताने को कहकर वहां से भागने लगी। तभी कुमकुम को घेरकर उसी के ही दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के शरीर से पुलिस को उनके फिंगर प्रिंट न मिल सके, इसके डर से उन्होंने मृतका के शव को पानी से धो दिया और उस पर मिट्टी डाल दी।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम
गिरफ्तार करने वालों में स्वाट सर्विलांस टीम निरीक्षक मनोज परमार, निरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक जर्रार हुसैन (प्रभारी सर्विलांस), कांस्टेबल राजकुमार नागर, रईस अहमद, खालिद, अरुण कुमार, मोनू कुमार, मोहित शर्मा, बेताब जावला, मोहित कुमार, गौरव तोमर के साथ स्थानीय पुलिस से प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गुरारी दोहरे, उप निरीक्षक लोकेश कुमार, कांस्टेबल नवी हसन, अनुज कुमार, संजीव कुमार, पुष्पेन्द्र कुमार शामिल रहे।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: भारतीय पति के साथ जंगल में फंसी यूक्रेनी महिला
