मुरादाबाद: सीसीटीवी कैमरे करेंगे इब्राहिमपुर मिर्जा गांव की निगरानी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोनकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर मिर्जा में खाट डालकर कांवड़ियों की राह रोके जाने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। अराजक तत्वों की नकेल कसने की कोशिश में डीआईजी शलभ माथुर ने पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं। साथ पूरी घटना के बाबत रिपोर्ट भी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सोनकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर मिर्जा में खाट डालकर कांवड़ियों की राह रोके जाने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। अराजक तत्वों की नकेल कसने की कोशिश में डीआईजी शलभ माथुर ने पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं। साथ पूरी घटना के बाबत रिपोर्ट भी उन्होंने तलब की है।
सोनकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर मिर्जा गांव में रविवार को हालात तब अचानक गरम हो गए, जब मुस्लिम समुदाय की महिलाएं व बच्चों ने सड़क पर खाट डाल कर कांवड़ियों की राह रोक ली। इस घटना के बाबत दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। हालात पर काबू पाने की कोशिश में एडीएम प्रशासन, एसपी ग्रामीण समेत भारी फोर्स लेकर प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे।
दोनों पक्ष एक दूसरे पर पूर्वाग्रही होने का आरोप लगा रहे थे। एडीएम प्रशासन सुरेंद्र कुमार सिंह, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, बिलारी एसडीएम राजबहादुर सिंह, सीओ बिलारी डा. गणेश गुप्ता ने समय रहते हालात पर काबू पा लिया। दोनों समुदाय के बीच पंचायत हुई। मामला प्रकाश में आने के बाद डीआईजी शलभ माथुर ने घटना का संज्ञान लिया।
अधिकारियों के सक्रियता की सराहना करते उन्होंने एसएसपी मुरादाबाद से रिपोर्ट मांगी है। विवाद की स्थिति दोबारा उत्पन न हो, इसलिए पूरे गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश डीआईजी ने दिया है। बीट आरक्षी नियमित रूप से गांव में भ्रमण करें। अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का आदेश भी डीआईजी ने दिया है।
