श्रीधरन श्रीराम ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के सहायक कोच पद से दिया इस्तीफा, आरसीबी पर देंगे अधिक ध्यान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के साथ छह साल सहायक कोच रहने के बाद श्रीधरन श्रीराम ने इस पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। श्रीराम अब आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में सपोर्ट स्टाफ की भूमिका पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं। श्रीराम ने जारी किए गए एक बयान में कहा, “मैं छह …

मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम के साथ छह साल सहायक कोच रहने के बाद श्रीधरन श्रीराम ने इस पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। श्रीराम अब आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में सपोर्ट स्टाफ की भूमिका पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं।

श्रीराम ने जारी किए गए एक बयान में कहा, “मैं छह साल से ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ अपने घर से बाहर था और इसीलिए इस पद से हटते हुए मुझे काफ़ी बुरा लग रहा है। मेरे हिसाब से यही सही समय है क्योंकि टीम को अब आनेवाले समय में दो विश्व कप और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप पर ध्यान देना है और उसकी तैयारी के लिए पर्याप्त समय की आवश्यकता है। अलग प्रारूपों, विश्व कप और एशेज़ जैसे मैचों में टीम के साथ काम करते हुए मैंने बहुत कुछ सीखा है।”

भारत के पूर्व ऑलराउंडर श्रीराम को पहली बार 2016 में डैरन लेमैन के नीचे स्पिन कोच नियुक्त किया गया था। उनकी देखरेख में एडम ज़म्पा, एश्टन एगर और नाथन लायन ने अपनी गेंदबाज़ी में काफी सुधार दिखाया है। साथ ही टी20 क्रिकेट में ग्लेन मैक्सवेल की गेंदबाज़ी पर श्रीराम ने ऑस्ट्रेलिया और आरसीबी दोनों में रहते हुए काफ़ी मदद की है। श्रीराम ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ काम कर रहे थे लेकिन उन्होंने अपने घर चेन्नई में ही रहना ठीक समझा था।

ऑस्ट्रेलियाई टीम में ऐंड्र्यू मैकडोनाल्ड के मुख्य कोच होने की नियुक्ति के बाद से डेनियल वेटोरी को पूर्णकालिक गेंदबाज़ी कोच का स्थान मिला है। इसी साल जब पाकिस्तान दौरे पर श्रीराम टीम के साथ नहीं जा पाए थे तब वेटोरी ने ही उनकी ज़िम्मेदारी निभाई थी। ज़म्पा ने पिछले वर्ष के टी20 विश्व कप में काफ़ी अच्छा प्रदर्शन किया था और उन्होंने कहा, “मुझे श्री के साथ काम करने में बड़ा मज़ा आया। मैं उन्हें काफ़ी सम्मान की नज़रों से देखता हूं और हाल ही में मेरे करियर में उनके कार्य नीति और ज्ञान का मुझे व्यक्तिगत फ़ायदा मिला है।”

ये भी पढ़ें : ‘किसका बेबी है ये…’, बेटे ओरियन कीच सिंह की फोटो पर युवराज ने मजेदार कमेंट कर लूट ली महफिल

संबंधित समाचार