मुरादाबाद : मंडलायुक्त ने अमरोहा सीडीओ को दिया नोटिस, जानिए क्यों?
मुरादाबाद ,अमृत विचार। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने शासन की प्राथमिकता प्राप्त मनरेगा योजना अंतर्गत खराब एवं असंतोषजनक प्रगति पर अमरोहा के मुख्य विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जिलाधिकारी अमरोहा को निर्देशित किया है कि वे मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा का स्पष्टीकरण प्राप्त कर एक सप्ताह में अपने अभिमत सहित वस्तुस्थिति से …
मुरादाबाद ,अमृत विचार। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने शासन की प्राथमिकता प्राप्त मनरेगा योजना अंतर्गत खराब एवं असंतोषजनक प्रगति पर अमरोहा के मुख्य विकास अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जिलाधिकारी अमरोहा को निर्देशित किया है कि वे मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा का स्पष्टीकरण प्राप्त कर एक सप्ताह में अपने अभिमत सहित वस्तुस्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित करें।
डिप्टी कमिश्नर गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा में जनपद अमरोहा की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। चूंकि वित्तीय वर्ष 2020-21 व 2021-22 के अपूर्ण कार्यो के अंतर्गत अमरोहा जनपद में 42 प्रतिशत कार्य अभी भी अपूर्ण हैं। इसके अतिरिक्त वित्तीय वर्ष 2022-23 के लेवर बजट के अनुसार अमरोहा जनपद में 40 खेल मैदान निर्माण किए जाने के लक्ष्य के सापेक्ष मात्र दो से पांच प्रतिशत पर ही कार्य प्रगति में है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2022-23 के लेबर बजट के अनुसार अमरोहा जनपद में कुल 5934 के सापेक्ष मात्र 602 में 10 प्रतिशत व्यक्तिगत लाभार्थीपरक कार्य प्रगति में हैं, जो अत्यन्त असंतोषजनक प्रगति है।
उन्होंने बताया कि अमरोहा जनपद में महिला मेट तैनाती में कुल 364 के सापेक्ष मात्र 25 महिला मेट सात प्रतिशत ही तैनात है जो मंडल में सार्वधिक खराब प्रगति है। व्यक्तिगत पशु शेड निर्माण के वित्तीय वर्ष 2022-23 के लक्ष्य 243 के सापेक्ष मात्र दो प्रतिशत पर ही कार्य प्रारम्भ हुआ है। सोशल आडिट के अंतर्गत अभी भी रुपए 1.48 लाख की राशि की वसूली किया जाना शेष है।
मंडलायुक्त ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि विगत मंडलीय समीक्षा बैठकों में भी मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा को मनरेगा योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों पर खराब प्रगति में सुधार के निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि न तो उनके द्वारा उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन किया जा रहा और न ही अपने विभागीय कार्यों में रुचि ली जा रही है। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने जिलाधिकारी अमरोहा से अपेक्षा की है कि खराब प्रगति के संबंध में सीडीओ अमरोहा का स्पष्टीकरण प्राप्त कर एक सप्ताह में अपने अभिमत सहित उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : पूर्व पार्षद की हत्या में चार को उम्रकैद, दोषियों में एक अिधवक्ता भी है शामिल
