कानपुर: जूनियर डॉक्टर को मिली अवैतनिक समाज सेवा की सजा, फाइनल परीक्षा में नहीं हो सकेंगे शामिल
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दलाल से सांठगांठ करने में जूनियर डॉक्टर (जूनियर रेजीडेंट) के खिलाफ तीन महीने तक अवैतनिक समाज सेवा करने की सजा सुनाई है। सिर्फ इतना ही नहीं वह फाइनल परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। उन्हें मेडिकल कॉलेज की डॉक्टरों की टीम के साथ मलिन बस्तियों में जाकर मरीजों को …
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दलाल से सांठगांठ करने में जूनियर डॉक्टर (जूनियर रेजीडेंट) के खिलाफ तीन महीने तक अवैतनिक समाज सेवा करने की सजा सुनाई है। सिर्फ इतना ही नहीं वह फाइनल परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। उन्हें मेडिकल कॉलेज की डॉक्टरों की टीम के साथ मलिन बस्तियों में जाकर मरीजों को देखना होगा।
हैलट अस्पताल की इमरजेंसी में कुछ दिन पहले मेडिसिन विभाग के जेआर तीन डॉ. आदित्य को दलाल के साथ देखा गया था। उनसे पूछताछ हुई, जिस पर उन्होंने बहाना बनाया। मामले को लेकर जांच कमेटी बनाई गई। उप प्राचार्य प्रो. रिचा गिरी और अन्य अधिकारियों ने जांच की।
अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरो को देखा गया, जिसमें ब्लड बैंक के पास से जेआर दलाल का हाथ पकड़कर आते हुए नजर आ रहे हैं। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि डॉ. आदित्य की जांच रिपोर्ट आ गई है। वह दलाल के साथ घूमते हुए नजर आए हैं। उन्हें तीन महीने तक अवैतनिक मरीजों की सेवा करनी होगी।
20 वाहनों का हुआ चालान
हैलट अस्पताल की ओपीडी के बाहर गलत तरीके से खड़े 20 वाहनों का चालान किया गया। हैलट चौकी इंचार्ज ने उनकी फोटो खींचकर विभाग को भेजी है। इसमें एक वाहन दूसरे जिले में तैनात पुलिसकर्मी का था। उसने विरोध किया, जिस पर उसकी एक न चली।
पुलिस को सौंपा दलाल
ओपीडी के बाहर नर्सिंगहोम का दलाल मरीजों को ले जाने की सेटिंग कर रहा था, जिस पर पुलिस और हैलट अस्पताल के स्टाफ ने उसे दबोच लिया। उसके पास से एक नर्सिंगहोम का कार्ड भी मिला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पढ़ें-कानपुर : हैलट अस्पताल की फीवर ओपीडी में पहुंचे 300 से अधिक मरीज, जेआर की संख्या बढ़ाई
