हल्द्वानी: पति की पिटाई से तंग पत्नी ने जहर खाकर जान दी
हल्द्वानी, अमृत विचार। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग पत्नी ने जहर खा लिया। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बनभूलपुरा की रहने वाली मुस्कान (22) पुत्री मुस्तकीन की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग पत्नी ने जहर खा लिया। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
बनभूलपुरा की रहने वाली मुस्कान (22) पुत्री मुस्तकीन की दो साल पहले इलाके में ही रहने वाले राशिद के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि पेशे से मजदूर राशिद शराब का लती था और आए दिन मुस्कान के साथ मारपीट करता था।
इससे तंग मुस्कान पति से अलग लाइन नंबर एक में मो.राहत खान के घर में किराए पर रहने लगी थी, लेकिन राशिद ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह किराए के घर पर जाकर भी उसके साथ मारपीट करता था। बताया जाता है कि सोमवार रात भी राशिद पत्नी के किराए के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद मुस्कान ने जहर खा लिया।
आनन-फानन में राशिद अपनी साली के साथ मुस्कान को बेस अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
