बरेली: जंक्शन पर ट्रेन के इंतजार में जेब होगी ढीली, यात्रियों को देना होगा शुल्क
बरेली, अमृत विचार। अब ट्रेन का इंतजार करने के लिए यात्रियों को शुल्क देना पड़ेगा। क्योंकि रेल प्रशासन जंक्शन पर मौजूद वेटिंग रूम के लिए शुल्क का निर्धारण करने की तैयारी में है। यह व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को वेटिंग रूम में बैठने के लिए 20 से 30 रुपये तक चुकाने पड़ सकते …
बरेली, अमृत विचार। अब ट्रेन का इंतजार करने के लिए यात्रियों को शुल्क देना पड़ेगा। क्योंकि रेल प्रशासन जंक्शन पर मौजूद वेटिंग रूम के लिए शुल्क का निर्धारण करने की तैयारी में है। यह व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को वेटिंग रूम में बैठने के लिए 20 से 30 रुपये तक चुकाने पड़ सकते हैं। इसके लिए रेल प्रशासन द्वारा निविदा निकालकर निजी एजेंसियों को काम सौंपा जाएगा। अभी तक बरेली जंक्शन पर आरक्षण कराने वाले यात्री वेटिंग रूम में अपना टिकट दिखाकर बिना किसी शुल्क के बैठकर ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं।
मौजूदा समय में रेल नियमों के मुताबिक ट्रेन आने से तीन घंटे पहले और जाने के तीन घंटे बाद तक प्रतीक्षालय में यात्रियों को मुफ्त ठहरने की सुविधा दी जाती है। अगर आपकी ट्रेन देरी से आती है तो ठहरने की अवधि को बढ़ाया जा सकता है। हालांकि नई व्यवस्था में ट्रेन के देरी से आने को लेकर कोई जिक्र नहीं किया गया है।
रेलवे बोर्ड से निर्देश मिलने के बाद वाणिज्य विभाग के अधिकारियों ने स्टेशन के वाणिज्य निरीक्षक को इस बारे में अवगत कराया है। जिसके बाद जंक्शन के अधिकारी प्रस्ताव बनाने में जुट गए हैं। बरेली जंक्शन पर महिला व सामान्य प्रतीक्षालय मौजूद हैं। मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि अभी इसको लेकर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें अभी समय लगेगा। नई व्यवस्था लागू होने पर प्रतीक्षालयों की सुविधाओं को पहले से बेहतर किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: शासन ने खत्म किया अटैचमेंट, सीएमओ कार्यालय में तैनात हैं कई कर्मचारी
