रानीखेत: वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पालिका विवादों के घेरे में, अवर अभियंता ने दे डाली आत्महत्या की धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रानीखेत, अमृत विचार। चार वर्ष पूर्व अस्तित्व में आई नगर पालिका परिषद वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विवादों के घेरे में आ गई है। परिषद क्षेत्र में हुए ताबड़तोड़ विकास कार्यों के भुगतान को लेकर परिषद के ईओ और अवर अभियंता में ठन गई है। अवर अभियंता ने खुले रूप से ईओ पर आरोप लगाए हैं …

रानीखेत, अमृत विचार। चार वर्ष पूर्व अस्तित्व में आई नगर पालिका परिषद वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विवादों के घेरे में आ गई है। परिषद क्षेत्र में हुए ताबड़तोड़ विकास कार्यों के भुगतान को लेकर परिषद के ईओ और अवर अभियंता में ठन गई है। अवर अभियंता ने खुले रूप से ईओ पर आरोप लगाए हैं कि बिना उनकी सहमति पूर्व कार्यों के भुगतान के बाद एमबी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। अवर अभियंता ने सभासदों की मौजूदगी में आत्महत्या करने की धमकी दे डाली।

शुक्रवार को परिषद कार्यालय में अध्यक्ष एवं सभासदों की बैठक में अधिशासी अधिकारी जगदीश प्रसाद व अवर अभियंता मुकुल सती के बीच किए गए निर्माण कार्यों की एमबी को लेकर गहमागहमी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि अवर अभियंता ने ईओ पर अनावश्यक दबाव बनाए जाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दे डाली। परिषद अध्यक्ष कल्पना देवी व सभासदों ने किसी तरह मामला शांत किया।

अवर अभियंता मुकुल सती का आरोप है कि अधिशासी अधिकारी जगदीश प्रसाद उन पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। पुराने किए गए निर्माण कार्यों की एमबी के लिए उनको मजबूर कर रहे हैं। कहा कि जो कार्य उनके अंतर्गत आते हैं उन पर वह हस्तक्षेप करते हैं, जो नहीं आते उसके लिए दबाव बना रहे हैं। कहा कि वह इस मसले के विषय में संयुक्त मजिस्ट्रेट को अवगत करा चुके हैं।
वहीं, ईओ का कहना है कि कुछ गलतफहमियां हो गई थी, उसे ठीक कर लिया गया है। उन पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। वह स्वतंत्र होकर कार्य करें।

परिषद अध्यक्ष कल्पना देवी का कहना है कि दोनों के बीच हुआ विवाद परिषद हित में नहीं है। आपसी तालमेल से विकास करना होगा। अवर अभियंता व ईओ के बीच वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उपजा विवाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

संबंधित समाचार