किच्छा: प्रधानमंत्री से बात कराने की मांग को लेकर पेड़ पर चढ़ा युवक, चाकू से खुद को किया लहूलुहान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने की मांग को लेकर एक सिरफिरा युवक चाकू लेकर पेड़ पर चढ़ गया। इस दौरान कई घंटे तक मौके पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। युवक के पेड़ पर चढ़ने की सूचना पर तमाम लोगों का जमावड़ा लग गया। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की …

किच्छा, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने की मांग को लेकर एक सिरफिरा युवक चाकू लेकर पेड़ पर चढ़ गया। इस दौरान कई घंटे तक मौके पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। युवक के पेड़ पर चढ़ने की सूचना पर तमाम लोगों का जमावड़ा लग गया। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी तथा कोतवाली पुलिस की टीम के युवक को नीचे उतारने के सभी प्रयास विफल हो गए। इस बीच युवक ने खुद को चाकू मारकर घायल भी कर लिया।

करीब सात घंटे बाद लहूलुहान अवस्था में युवक के नीचे उतरने पर पुलिस ने युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक युवक नगर के हल्द्वानी मार्ग स्थित हनुमान मंदिर में घुस गया। सूचना पर वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। भीड़ जमा होने के बाद मूल रूप से नेपाल निवासी 21 वर्षीय लाल बहादुर बिष्ट चाकू लेकर मंदिर के निकट स्थित पेड़ पर चढ़ गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तुरंत बात कराने की मांग करने लगा।

सिरफिरे युवक के पेड़ पर चढ़ने की सूचना पर कोतवाली पुलिस तथा फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान जब दमकल कर्मचारियों ने सीढ़ी लगाकर पेड़ पर चढ़ने का प्रयास किया तो युवक पेड़ की चोटी पर पहुंच गया और खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। जिसके बाद दमकल कर्मियों को वापस नीचे आना पड़ा। युवक पूरी रात पेड़ पर बैठा रहा और पुलिस टीम भी रात भर पेड़ के नीचे डेरा जमाए रही।

तमाम कोशिशों के बाद भी युवक पेड़ से नीचे नहीं उतरा। करीब 7 घंटे बाद सुबह तड़के लहूलुहान अवस्था में लाल बहादुर के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और उसे इलाज के लिए सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस ने उसे इलाज के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया है।

संबंधित समाचार