शाहजहांपुर: हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत में सेल्समैन की मौत, दो घायल
शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना खुटार क्षेत्र में पूरनपुर हाईवे पर शुक्रवार रात कुइयां मोड़ के पास बाइकों की भिड़ंत हो गई, जिससे एक बाइक सवार कुइयां निवासी 59 वर्षीय सेल्समैन गिरवर सक्सेना की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरवर …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। थाना खुटार क्षेत्र में पूरनपुर हाईवे पर शुक्रवार रात कुइयां मोड़ के पास बाइकों की भिड़ंत हो गई, जिससे एक बाइक सवार कुइयां निवासी 59 वर्षीय सेल्समैन गिरवर सक्सेना की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरवर ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। शनिवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
मृतक की पत्नी अनुजा देवी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे उनके पति गिरवर सक्सेना खुटार-पूरनपुर हाईवे पर पेट्रोल पंप से वापस बाइक से घर लौट रहे थे। उसी समय कुइयां मोड़ के पास पहुंचे तो पूरनपुर की तरफ से मुरादपुर निवासी प्रीतम अपने साथी धनसिंहपुर निवासी अक्षय पांडेय के साथ तेज रफ्तार बाइक लेकर आ गए। दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिससे पति गंभीर घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में प्रीतम और अक्षय भी घायल हो गए।
घायल गिरवर को एंबुलेंस से खुटार सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में गिरवर सक्सेना की मौत हो गई। वहीं घायल प्रीतम व अक्षय को उनके परिजनों ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, गिरवर की मौत की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। शनिवार को पुलिस मृतक के घर पहुंची और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
