बहराइच: आम्बा गांव में हाथी ने आज फिर ढहाए तीन घर, भगाते समय चोटिल हुईं महिलाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच। कतर्नियाघाट रेंज के आंबा गांव में शनिवार रात को हाथी पहुंच गया। हाथी ने तीन ग्रामीणों के मकान को गिरा दिया। घर के अंदर रखा सामान भी तहस नहस कर दिया। हांका लगाते समय दो महिलाएं घायल हो गईं। हाथी के हमले की सूचना रेंज कार्यालय में दी गई है। लेकिन कोई भी वन …

बहराइच। कतर्नियाघाट रेंज के आंबा गांव में शनिवार रात को हाथी पहुंच गया। हाथी ने तीन ग्रामीणों के मकान को गिरा दिया। घर के अंदर रखा सामान भी तहस नहस कर दिया। हांका लगाते समय दो महिलाएं घायल हो गईं। हाथी के हमले की सूचना रेंज कार्यालय में दी गई है। लेकिन कोई भी वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है।

कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतरनियाघाट रेंज का आंबा गांव जंगल से सटा हुआ है। सुजौली थाना क्षेत्र के आम्बा में पिछले चार दिनों से रात होते ही एक जंगली नर हाथी घुस जाता है। जिसके उत्पात से तंग ग्रामीणों की रातें हाका लगाते हुए गुजर रही है। शनिवार की रात एक जंगली हाथी गांव में घुस गया। जंगल से सटे आबादी में घुसते ही हाथी ने सूंड व अपने भारीभरकम पैरों से घरों पर वार करना शुरू कर दिया।

हाथी ने गांव निवासी महेंद्र सिंह पुत्र भगवानदीन के पक्के बने मकान को पूरी तरह तहसनहस कर उसमें रखा अनाज व गृहस्थी का सारा सामान बिखेर दिया। उसके बाद पड़ोसी शंकर पुत्र बुधराम व उम्मेद अली पुत्र इंशान अली के फूंस के बने कच्चे मकान को हाथी ने क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने दोनों घरों में रखे अनाज को भी खा लिया।

इस दौरान परिवार के लोगों ने किसी तरह भाग कर हाथी से जान बचाई। वहीं हाका लगाकर हाथी को भगाते समय गांव की दो महिलाएं गुड्डी पत्नी रामलखन व पूजा पत्नी मुन्नू चोटिल हो गई । भगदड़ में गिरने से दोनों के पैरों में चोंटे आयी हैं । हाथी के उत्पात से पीड़ित ग्रामीणों का वन कर्मियों पर आरोप है कि हाथी का उत्पात गांव में लगातार जारी है।

लेकिन सूचना के बाद भी कोई वनकर्मी गांव नही पहुच रहा है और न ही ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम वन विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस मामले में डीएफओ आकाशदीप वधावन को फोन लगाया गया तो उनके मोबाइल पर घंटी बजती रही। उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या की सड़कों का हुआ बुरा हाल, चोटिल हो रहे हैं राहगीर

संबंधित समाचार