झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी का हार्ट अटैक से निधन, BCCI में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी का हर्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। अमिताभ चौधरी बीसीसीआई में अहम भूमिका निभा चुके हैं। वे कार्यकारी सचिव के पद पर रहे हैं। उन्हें साल 2020 में झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी) का चेयरमैन भी बनाया गया था। हाल ही में …

नई दिल्ली। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी का हर्ट अटैक की वजह से निधन हो गया। अमिताभ चौधरी बीसीसीआई में अहम भूमिका निभा चुके हैं। वे कार्यकारी सचिव के पद पर रहे हैं। उन्हें साल 2020 में झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (जेपीएससी) का चेयरमैन भी बनाया गया था। हाल ही में वे रिटायर हुए थे। रांची का जेएससीए स्टेडियम बनवाने में भी उनका सबसे अहम योगदान माना जाता है। चौधरी की गिनती झारखंड के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारियों में होती थी और वे रांची के एसएसपी भी रह चुके हैं।  अमिताभ चौधरी ने कल स्वतंत्रता दिवस पर जेएससीए स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।

रांची में एसएसपी रहने के दौरान अमिताभ चौधरी के कार्यकाल में कई बेमिसाल उपलब्धियां रही। उनकी अगुवाई में रांची में दो कुख्यात अपराधी एनकाउंटर में मारे गये और दो बड़े गैंगस्टर सुरेंद्र बंगाली और अनिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया था। जबकि जेपीएससी के चेयरमैन के तौर पर सिविल सेवा की 7वीं से 10वीं परीक्षा का रिजल्ट रिकॉर्ड समय में जारी करने का श्रेय भी उनके नाम रहा।

1985 में आईआईटी खड़गपुर में इंजीनियरिंग करने के बाद यूपीएससी की परीक्षा पास करने के बाद चौधरी आईपीएस बने थे और अलग झारखंड राज्य गठन के बाद उन्हें झारखंड कैडर मिला। 2002 में वह बीसीसीआई के सदस्य बने और 2005 में आईपीएस अधिकारी रहते हुए चौधरी ने तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो को हरा कर वह जेएससीए के अध्यक्ष बने। वर्ष 2005-09 के दौरान वे भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर भी रहे। 2013 में उन्होंने आईपीएस की नौकरी से वीआरएस ले ली। 2014 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा। भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर चौधरी ने बाबूलाल मरांडी की पार्टी जेवीएम से रांची लोकसभा का चुनाव भी लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

 

 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर दुख जाहिर किया है। सोरेन ने ट्वीट कर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। हेमंत ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा- JPSC के पूर्व अध्यक्ष श्री अमिताभ चौधरी जी के आकस्मिक निधन की दुखद खबर मिली। पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ जी ने राज्य में क्रिकेट के खेल को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

ये भी पढ़ें : FIFA ने AIFF को किया सस्पेंड, महिला अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी भी छीनी

संबंधित समाचार