हल्द्वानी: तीन दिन बाद खुले सरकारी अस्पताल, लगी मरीजों की भीड़… ओपीडी ढाई हजार के पार
हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन के अवकाश के बाद खुले सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ लग गई। बेस व महिला अस्पताल में जहां 700 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। वहीं सुशीला तिवारी अस्पताल में करीब 1800 से अधिक मरीजों ने ओपीडी में पर्चे बनवाए। दोपहर दो बजे तक चिकित्सकों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। तीन दिन के अवकाश के बाद खुले सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ लग गई। बेस व महिला अस्पताल में जहां 700 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। वहीं सुशीला तिवारी अस्पताल में करीब 1800 से अधिक मरीजों ने ओपीडी में पर्चे बनवाए। दोपहर दो बजे तक चिकित्सकों के कक्षों के सामने मरीजों की भीड़ बनी रही। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में परिवर्तन के चलते मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
मंगलवार को अवकाश के बाद खुले बेस व महिला अस्पताल के साथ-साथ सुशीला तिवारी अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या एकदम से बढ़ गई। सुबह से ही चिकित्सकों के कक्ष के सामने मरीजों की भारी भीड़ दिखाई दी। लोगों को अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा है। दोपहर करीब दो बजे तक अस्पताल में मरीज आते रहे। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में आए परिवर्तन से लोग अधिक बीमार हो रहे हैं। इससे खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों में वृद्धि हुई है। खासकर बच्चे फीवर, डायरिया, उल्टी-दस्त से अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
बेस से ज्यादा एसटीएच में बढ़े मरीज
बेस व सुशीला तिवारी अस्पताल में रोजाना बुखार, खांसी-जुकाम व उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बेस अस्पताल में जहां 70 से 80 मरीज रोजाना इलाज के लिए आ रहे हैं। वहीं एसटीएच में मरीजों की संख्या 150 के पार पहुंच रही है। इनमें बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। बेस अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. एसएस बिष्ट ने बताया कि बुखार, उल्टी-दस्ता व डायरिया से पीड़ित 30 से 40 बच्चे रोजाना ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इधर एसटीएच की बाल रोग विशेषज्ञ डा. ऋतु रखोलिया ने बताया कि रोजाना 8 से 10 बच्चों को हालत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। बेस से ज्यादा मरीज एसटीएच में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
