सपा ब्लाक प्रमुख सहित पांच अवैध कालोनियों पर बीडीए ने चलाया बुलडोजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बड़ा बाईपास पर बिना नक्शा पास कराए सपा नेता की कालोनी में बीडीए ने बुलडोजर चलाकर सभी निर्माण ध्वस्त कर दिए। बीडीए ने मंगलवार को अवैध रूप से बनाई जा रही पांच अवैध कालोनियों के निर्माण को जमींदोज कर दिया है। यह कालोनियां 100 बीघा क्षेत्र में बनाई जा रही थीं। एक …

अमृत विचार, बरेली। बड़ा बाईपास पर बिना नक्शा पास कराए सपा नेता की कालोनी में बीडीए ने बुलडोजर चलाकर सभी निर्माण ध्वस्त कर दिए। बीडीए ने मंगलवार को अवैध रूप से बनाई जा रही पांच अवैध कालोनियों के निर्माण को जमींदोज कर दिया है। यह कालोनियां 100 बीघा क्षेत्र में बनाई जा रही थीं। एक कालोनी का निर्माण ग्रीन बेल्ट में किया जा रहा था।

मंगलवार को पहली कार्रवाई सैदपुर चुन्री लाल के पास बड़ा बाईपास पर 30 बीघा क्षेत्र में आर्यन सिटी कालोनी का निर्माण गुलाम साबिर करवा रहे थे। यह कालोनी ग्रीन बेल्ट में बन रही थी। यहां कार्यालय, सड़क व बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य किया गया था। बीडीए ने इस पर बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। शेरगढ़ ब्लाक प्रमुख और सपा नेता भूपेन्द्र कुर्मी बड़ा बाईपास पर मुड़िया अहमदनगर में विनोद कुमार से मिलकर 20 बीघा क्षेत्र में महाराजा अग्रसेन सिटी नाम से कालोनी बना रहे थे।

इस कालोनी का नक्शा पास नहीं कराया गया था और प्राधिकरण की अनुमति से यहां कार्यालय, सड़क और चारदीवारी बना दी गई थी। प्लाट का चिन्हांकन किया गया था। सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यहीं पर शेर मोहम्मद इस्कान सिटी नाम से बिना प्राधिकरण की अनुमति से 30 बीघा क्षेत्र में कालोनी का निर्माण करवाने की तैयारी में थे। प्लाटों का चिन्हांकन कर कार्यालय और सड़क का निर्माण करवा दिया गया था, इसे मौके पर ध्वस्त किया गया।

बीडीए टीम ने बड़ा बाईपास पर ही अब्दुल्लाहपुर माफी के पास 15 बीघा क्षेत्र में बिना अनुमति के हुए निर्माण को ध्वस्त किया। इसके अलावा बीसलपुर रोड पर राधा माधव स्कूल के पास प्रताप सिंह द्वारा पांच बीघा क्षेत्र में कालोनी के लिए सड़क, बिजली के पोल, बाउंड्रीवाल व कार्यालय के हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया है। टीम में सहायक अभियंता अनिल कुमार एवं जेई रमन अग्रवाल, सुनील गुप्ता, एसके सिंह सहित प्रवर्तन दल के सदस्य भी शामिल रहे।

अवैध निर्माण और अवैध कालोनियों को वैध कराने की समय -समय पर अपील के बाद भी कुछ लोग नियमों से ऊपर उठकर निर्माण कार्य कर रहे थे। उनके विरुद्ध नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान जारी रहेगा- जोगिन्दर सिंह, बीडीए वीसी

ये भी पढ़ें- बरेली: रक्षाबंधन पर 90370 महिला यात्रियों ने की मुफ्त यात्रा

संबंधित समाचार