कानपुर : नौबस्ता में बनेगा सौ बेड का अस्पताल, कल होगा शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। दक्षिण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। अब नौबस्ता मौरंग मंडी में ही सौ बेड का अस्पताल बनने जा रहा है। इसके निर्माण के लिए 44 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है। राज्य सरकार ने छह करोड़ रुपये जारी भी …

कानपुर, अमृत विचार। दक्षिण क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। अब नौबस्ता मौरंग मंडी में ही सौ बेड का अस्पताल बनने जा रहा है। इसके निर्माण के लिए 44 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है। राज्य सरकार ने छह करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं। इस अस्पताल के निर्माण का कार्य राजकीय निर्माण निगम को करना है।

बुधवार को इसका शिलान्यास होगा। निगम ने टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इस अस्पताल के बन जाने से न सिर्फ दक्षिण क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा बल्कि हमीरपुर, घाटमपुर, भीतरगांव, पतारा आदि क्षेत्रों के लोगों को भी उपचार कराने में आसानी होगी। हादसे के घायलों को भी समय से उपचार मिल सकेगा।

हैलट अस्पताल पर मरीजों का भारी दबाव है। यहां कानपुर ही नहीं बल्कि आसपास के कई जिलों के मरीज आते हैं। इस वजह से उन्हें उपचार में भी दिक्कत आती है। दक्षिण क्षेत्र की आबादी ही 20 लाख से अधिक है। ऐसे में वहां अस्पताल की मांग वर्षों से की जा रही थी। विधानसभा चुनाव से पहले विधायक महेश त्रिवेदी ने अस्पताल के लिए भूमि आवंटित करा दी थी।

अब वे बुधवार को मौरंग मंडी में इसकी आधारशिला भी रखेंगे। इसके शिलान्यास का कार्यक्रम विधानसभा चुनाव से पहले ही होना था, लेकिन नहीं हो पाया था। अब शिलान्यास के साथ ही काम भी शुरू हो जाएगा, क्योंकि ठेकेदार का चयन भी हो चुका है। ऐसे में कोई दिक्कत नहीं है। इसके निर्माण का कार्य दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विधायक महेश त्रिवेदी का कहना है कि आजादी के अमृत महोत्सव पर यह कानपुर दक्षिण वासियों के लिए बड़ा तोहफा है।

यह भी पढ़ें –कानपुर : न्यू बिजनेस सिटी की डीपीआर के लिए नामित होगा कंसलटेंट, 1253 एकड़ में होना है निर्माण

संबंधित समाचार