बदायूं: खून की जांच कराने आई युवती के साथ पैथोलॉजी लैब में दुष्कर्म, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
बदायूं, अमृत विचार। यूपी के बदायूं जनपद में खून की जांच कराने आई एक युवती के साथ पैथोलॉजी लैब के कर्मचारी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की सुबह की बताई जा रही है जबकि पुलिस मंगलवार देर रात की घटना होने की बात कह रही है। दुष्कर्म के बाद …
बदायूं, अमृत विचार। यूपी के बदायूं जनपद में खून की जांच कराने आई एक युवती के साथ पैथोलॉजी लैब के कर्मचारी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की सुबह की बताई जा रही है जबकि पुलिस मंगलवार देर रात की घटना होने की बात कह रही है।
दुष्कर्म के बाद युवती ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर नमूना लिए। आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया गया है।

क्या है मामला ?
कोतवाली सदर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने पिता के साथ शहर में रहती है। युवती के पिता शहर में ही प्राइवेट नौकरी करते हैं। बताया जा रहा है कि युवती मंगलवार को अपने खून की जांच कराने के लिए कोतवाली सदर क्षेत्र में शहर के गांधी ग्राउंड चौराहे के पास एक लैब पर आई थी।
इसी दौरान वहां के कर्मचारी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। वहीं पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट के अनुसार युवती सब्जी खरीदने के लिए घर से आई थी। युवक ने उसे फोन किया और गांधी ग्राउंड स्थित लैब पर बुलाया।
आरोप है कि लैब के भीतर पैथोलॉजी लैब के कर्मचारी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती की हालत गंभीर हो गई। उसे जिला महिला अस्पताल ले जाया गया। युवती को देर रात होश आया तो युवती ने अपने पिता को घटना के बारे में बताया। पीड़ित युवती अपने पिता के साथ कोतवाली पहुंची और तहरीर दी।
जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी ह्रदेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। ह्रदेश पैथोलॉजी लैब पर खून के कलेक्शन का काम करता था। मामला शहर में तेजी से फैल गया।
एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव के निर्देश पर फारेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जाकर नमूना लिए। पुलिस ने जांच की। दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।

क्या कहना है पुलिस का ?
एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि युवती ने मंगलवार को देर रात दुष्कर्म की तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें : बदायूंः युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, मचा कोहराम
