कानपुर : चेस्ट हास्पिटल में 30 करोड़ से बनेगा नया ओपीडी ब्लॉक, मरीजों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
कानपुर, अमृत विचार। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में 30 करोड़ रुपये की लागत से नया ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा। यह तीन मंजिला होगा, जिसमें चिकित्सकों बैठने के साथ ही सेमिनार हॉल, मरीजों के लिए प्राइवेट रूम आदि सुविधाएं रहेगी। अस्पताल में छह बेड का आईसीयू भी बनाया जाएगा। अस्पताल में …
कानपुर, अमृत विचार। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में 30 करोड़ रुपये की लागत से नया ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा। यह तीन मंजिला होगा, जिसमें चिकित्सकों बैठने के साथ ही सेमिनार हॉल, मरीजों के लिए प्राइवेट रूम आदि सुविधाएं रहेगी। अस्पताल में छह बेड का आईसीयू भी बनाया जाएगा। अस्पताल में 10 केएल का लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट भी बनाया जा रहा है। निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था शासन स्तर से नामित कर दी गई है। भूमि का चिह्निकरण हो गया है, इसे अस्पताल के दायीं ओर बनाया जाएगा। अभी वहां पर खाली स्थान होने के कारण गंदगी और कीचड़ रहता है, जिस वजह से सुअर लोटते हैं।
कानपुर समेत आसपास के जनपदों के सांस के गंभीर रोगी मुरारी लाल चेस्ट हॉस्पिटल में आते हैं। यहां फेफड़ों में संक्रमण, पानी भर जाना, टीबी, फेफड़े का ट्यूमर समेत अन्य श्वांस संबंधित दिक्कतों का इलाज किया जाता है। यहां की बिल्डिंग काफी पुरानी है, जिसके चलते उसका रेनोवेशन हुआ है। अस्पताल प्रशासन की ओर से वार्ड तो सही करा दिए गए, जबकि ओपीडी की अलग से व्यवस्था नहीं है। अभी इमरजेंसी के बगल में मरीज देखे जा रहे हैं। टीबी और अन्य संक्रामक रोगी ओपीडी में आते हैं, जिसके चलते अन्य मरीजों और तीमारदारों के संक्रमण की चपेट में आने का खतरा रहता है। इसके चलते जीएसवीए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने नया ओपीडी ब्लॉक का प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसकी मंजूरी मिल गई है। प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि जल्द ही नए ओपीडी ब्लॉक का कार्य शुरू हो जाएगी। यह तीन मंजिला रहेगा।
स्पेशल ओपीडी होगी संचालित
प्रो. संजय काला के मुताबिक अस्पताल में स्पेशल ओपीडी का संचालन किया जा सकेगा, जिससे लोगों को और बेहतर तरीके से इलाज मिलेगा। कई नई ओपीडी चालू करने की प्लानिंग है। अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। बच्चों के लिए श्वांस और दमे की ओपीडी संचालित होगी।
शोध कार्यों को मिलेगा बढ़ावा
प्रो. अवधेश कुमार ने बताया कि नए ब्लॉक में सेमिनार हॉल और अन्य कमरे रहेंगे, जिसमें शोध कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। कई संस्थानों से एमओयू साइन किया जाएगा। आईआईटी और सीएसजेएमयू से बातचीत चल रही है।
यह भी पढ़ें –इन दो नस्ल की बकरियों से हो जाएंगे मालामाल, जल्द ही लाएं घर
