अमरोहा : रामडोल शोभायात्रा में उमड़े भक्त, मनमोहक झांकियों ने लोगों को किया मंत्रमुग्ध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा,अमृत विचार। कोरोना काल के दो साल बाद रामडोल शोभायात्रा शनिवार को शहर में पारंपरिक तरीके से निकाली गई। शोभायात्रा को लेकर बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्गों में उत्साह रहा। लोगों का हुजूम शहर की सड़कों पर उमड़ पड़ा। गली और कूचे जय कन्हैया लाल की जयघोष से गूंज उठे। हर तरफ भगवान श्रीकृष्ण की …

अमरोहा,अमृत विचार। कोरोना काल के दो साल बाद रामडोल शोभायात्रा शनिवार को शहर में पारंपरिक तरीके से निकाली गई। शोभायात्रा को लेकर बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्गों में उत्साह रहा। लोगों का हुजूम शहर की सड़कों पर उमड़ पड़ा। गली और कूचे जय कन्हैया लाल की जयघोष से गूंज उठे। हर तरफ भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति गान होती रही। इसके चलते माहौल भक्तिमय हो गया। मनमोहक झांकियों ने सभी का मनमोहा।

कोरोना के चलते पिछले दो सालों से रामडोल शोभायात्रा नहीं निकाली गई। इस बार संक्रमण कम होने के बाद श्री धार्मिक रामडोल कमेटी की देखरेख में कई दिनों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर निकलने वाली रामडोल शोभायात्रा की तैयारियां की जा रही थीं। शनिवार को पारंपरिक तरीके से रामडोल शोभायात्रा निकाली गई। सबसे पहले रियासत वाले मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, विधायक डॉ. हरी सिंह ढिल्लो, पालिकाध्यक्षा शशि जैन, डीएम बीके त्रिपाठी, एसपी आदित्य लांग्हे, कांग्रेस नेता सचिन चौधरी, कपिल शर्मा, कुंपर विनीत अग्रवाल, अजय टंडन समेत शहर के सम्मानित लोगों ने श्रीकृष्ण की आरती की। उसके बाद श्रीकृष्ण का रथ खींचकर शोभायात्रा की शुरूआत की।

शनिवार को सुबह 10 बजे से शोभायात्रा निकालने की तैयारी शुरू हो गई। शहर के विभिन्न मोहल्लों से झांकी शामिल होने के लिए कोट चौराहे पर ठहर गईं। यहां से एक-एक कर शोभायात्रा में शामिल होने लगे। दोपहर लगभग एक बजे के बाद शोभायात्रा की रवानगी हुई। रियासत वाली मंदिर से शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा में सबसे आगे हाथी रहा, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस पर बच्चे भी सवार रहे। धार्मिक गीतों के बीच रामडोल शोभायात्रा कोट चौराहे पर पहुंची। यहां से शफातपोता बाजार में आ गई। सड़क की दोनों पटरियों पर बच्चे और महिलाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इसके अलावा दुकान और मकान की छत और बालकनी से भी लोगों ने शोभायात्रा को देखा। भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति गान के बीच शोभायात्रा गंतव्य को धीरे-धीरे चलती रही। वहीं विभिन्न जगहों के कलाकारों ने प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।

शोभायात्रा का कई जगह हुआ स्वागत
श्री धार्मिक रामडोल शोभायात्रा का बाजार में कई जगह स्वागत किया गया। सर्राफा बाजार में व्यापारियों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। वहीं शहर में विभिन्न जगहों पर शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। कोट चौराहा, शफातपोता, कटरा बाजार, सराफा बाजार, बसावनगंज, गुजरी, कोतवाली आदि जगहों पर जलपान की व्यवस्था की गई।

ये भी पढ़ें : अमरोहा: हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से गोवंश पशु की मौत, किसान झुलसा, हालत गंभीर

संबंधित समाचार