ट्रंप दौरे के मायने
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को भारत के दो दिनी दौरे पर यहां पहुंचे। भारत ने दिल खोलकर अहमदाबाद से लेकर आगरा तक ट्रंप और उनके परिवार का स्वागत किया। इस स्वागत से अभिभूत डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए भारत के साथ तमाम क्षेत्रों में कंधे से कंधा मिलाकर चलने …
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को भारत के दो दिनी दौरे पर यहां पहुंचे। भारत ने दिल खोलकर अहमदाबाद से लेकर आगरा तक ट्रंप और उनके परिवार का स्वागत किया। इस स्वागत से अभिभूत डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए भारत के साथ तमाम क्षेत्रों में कंधे से कंधा मिलाकर चलने की बात कही। अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दौरे में मोटेरा स्टेडियम में उनके भाषण को समझा जाए तो जो सबसे महत्वपूर्ण बात निकलकर आई वह थी इस्लामिक आतंकवाद का खात्मा। डोनाल्ड ट्रंप ने इस मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि अमेरिका ने इस्लामिक आतंकवाद के सफाए का जिम्मा लिया है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान का नाम लेते हुए कहा कि पाकिस्तान के साथ वह इस्लामिक आतंकवाद के खात्मे को लेकर काम कर रहे हैं। उनकी इस बात का भारत, पाकिस्तान दोनों के लिए अर्थ है। अपनी बात पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका, दोनों ही आतंकवाद से पिछले कई समय से पीड़ित हैं। इस कट्टर इस्लामी आतंकवाद से निपटने में अमेरिका हमेशा भारत के साथ रहेगा। हम आतंकवाद की विचारधारा के खिलाफ लगातार लड़ रहे हैं और इस लड़ाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अमेरिकी सरकार सकारात्मक रूप से पाकिस्तान के साथ आतंकियों और आतंकी संगठनों के खात्मे को लेकर काम कर रही है। कहा कि वह पाकिस्तान के समक्ष उसकी धरती से आतंकवाद के संचालित होने का मुद्दा भी उठाएंगे।
दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा भारत-अमेरिका के बीच व्यापारिक समझौतों को लेकर था। भारत दौरे से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह भारत के साथ बड़ा समझौता करेंगे पर कुछ समय रुककर। मगर सोमवार को अपने भाषण में उन्होंने कहा कि भारत के साथ बड़ी डील होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर कहा कि पीएम मोदी डील के मामले में कुछ सख्त हैं और अपनी बात पर अड़े रहते हैं। इस बात का मंतव्य शायद किसी डील होने को लेकर ही है जिसे लेकर अमेरिका शायद भारत को आश्वस्त करना चाहता है। अमेरिका राष्ट्रपति का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ह्यूस्टन में ‘हाउडी मोदी’ की तर्ज पर ही ‘नमस्ते ट्रंप’ के नाम से था और तमाम लोग इसका राजनीतिक निहितार्थ निकालकर केवल ट्रंप के राजनीतिक फायदे वाला दौरा भी बता रहे थे। मगर उम्मीद की जानी चाहिए की ट्रंप के दौरे से भारत-अमेरिकी रिश्तों को नई ऊंचाई मिलेगी।
