पीलीभीत: एडी हेल्थ अचानक पहुंचे महिला अस्पताल, स्टाफ से लिए बयान
पीलीभीत, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल गेट पर हुए प्रसव के मामले में एक पक्षीय कार्रवाई कर संविदा स्टाफ नर्स की सेवा समाप्ति के आदेश के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शासन स्तर पर मामला जब पहुंचा तो इसकी जांच शुरू कर दी गई। शासन से जांच आने पर शनिवार की शाम एडी …
पीलीभीत, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल गेट पर हुए प्रसव के मामले में एक पक्षीय कार्रवाई कर संविदा स्टाफ नर्स की सेवा समाप्ति के आदेश के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शासन स्तर पर मामला जब पहुंचा तो इसकी जांच शुरू कर दी गई। शासन से जांच आने पर शनिवार की शाम एडी हेल्थ अचानक महिला अस्पताल पहुंचे और कर्मियों के अलग-अलग बयान दर्ज किए हैं।
16 अगस्त को बरहा गांव की रहने वाली राम श्री के प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने महिला अस्पताल में सुबह पौने 11 बजे भर्ती कराया था। अस्पताल में कायाकल्प की टीम आने के कारण गंदगी होना बताकर वार्ड आया किरन ने उसे बाहर निकाल दिया था। इससे महिला का गेट पर ही प्रसव हो गया था। मामला जब चर्चा में आए तो डिप्टी सीएम के आदेश पर डीएम ने सीएमओ से जांच कराई। सीएमओ की जांच के बाद डीएम ने सीएमएस को प्रतिकूल प्रवृष्टि देते हुए स्टाफ नर्स संविदा की सेवा समाप्ति करने के निर्देश दे दिए थे।
इसको लेकर जहां सीएमएस ने सीएमओ पर बिना बात किए ही बयान डीएम को भेजने के आरोप लगाए थे तो निर्दोष स्टाफ नर्स पर गलत कार्रवाई को लेकर संविदा कर्मियों ने विरोध शुरू कर दिया था। शनिवार को जब शासन से मामले की जांच आई तो शाम को एडी हेल्थ अचानक पीलीभीत पहुंच गए।
उन्होंने महिला अस्पताल में आकर ड्यूटी पर तैनात स्टॉफ के अलग-अलग बयान लिए। जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने इस दौरान ड्यूटी रजिस्टर को चेक किया। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात रहे स्टाफ के बयान दर्ज किए।
ये भी पढ़ें – पीलीभीत: सिंचाई विभाग के अफसरों की टूटी नींद, कटान देखने पहुंचे
