लखनऊ: विभूति खंड में अवैध कैफे पर चला एलडीए का बुलडोजर, खाली कराई दस करोड़ की जमीन
लखनऊ। गोमतीनगर के विभूतिखंड में लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को अवैध कैफे पर बुलडोजर चलाकर लगभग 10 करोड़ रुपये की 450 वर्गमीटर जमीन खाली कराई। जोनल अधिकारी (प्रवर्तन जोन-1) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विभूतिखण्ड में चंदन अस्पताल के पीछे खसरा संख्या 759 प्राधिकरण की अर्जित व नियोजित भूमि है। इस पर कुछ …
लखनऊ। गोमतीनगर के विभूतिखंड में लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को अवैध कैफे पर बुलडोजर चलाकर लगभग 10 करोड़ रुपये की 450 वर्गमीटर जमीन खाली कराई। जोनल अधिकारी (प्रवर्तन जोन-1) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि विभूतिखण्ड में चंदन अस्पताल के पीछे खसरा संख्या 759 प्राधिकरण की अर्जित व नियोजित भूमि है।
इस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा करके ‘द प्लैटर कैफे’ खोल लिया था। इस प्रकरण में प्राधिकरण ने अवैध कब्जेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी थी। साथ ही उपाध्यक्ष द्वारा अतिक्रमण हटाकर जमीन खाली कराने के निर्देश दिये थे। शनिवार को अधिशासी अभियंता अवनींद्र कुमार सिंह व तहसीलदार शशिभूषण पाठक के नेतृत्व में प्राधिकरण पुलिस बल व विभूतिखंड पुलिस बल के सहयोग से अवैध कब्जे को ध्वस्त कर जमीन खाली करा ली।
पारा में दो अवैध निर्माण सील
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को पारा में दो अवैध निर्माण सील कर दिए। जोनल अधिकारी (प्रवर्तन जोन-3) रामशंकर ने बताया कि कमलेश यादव, राजेश यादव व अन्य द्वारा प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत कराये थाना-पारा क्षेत्र के हंसखेड़ा रोड पर पैरामाउण्ट हाईट के सामने लगभग 1100 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर लोअर व अपर ग्राउण्ड की छत का निर्माण व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए किया जा रहा था।
प्रथम तल पर कालम का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसके अलावा संतोष राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराये हंसखेड़ा रोड पर लगभग 1500 वर्गफुट क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भूतल का निर्माण करते हुए चुनाई का कार्य कराया जा रहा था। उक्त दोनों अवैध निर्माणों को सहायक अभियंता संजय जिंदल के नेतृत्व में अवर अभियंता जितेन्द्र कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस बल व स्थानीय थाने के सहयोग से सील कर दिया।
यह भी पढ़ें:-सपा ब्लाक प्रमुख सहित पांच अवैध कालोनियों पर बीडीए ने चलाया बुलडोजर
