बदायूं: ईंट भट्टा कारोबारी के घर से नकदी समेत 15 लाख की चोरी, जांंच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में चोर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। लगातार चोरियों हो रही हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने ईंट भट्टा कारोबारी के घर को निशाना बनाया। नकदी, जेवरात समेत अन्य कीमती सामान समेत तकरीबन 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। कारोबारी रविवार को अलापुर रोड स्थित अपने …

बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में चोर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। लगातार चोरियों हो रही हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने ईंट भट्टा कारोबारी के घर को निशाना बनाया। नकदी, जेवरात समेत अन्य कीमती सामान समेत तकरीबन 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। कारोबारी रविवार को अलापुर रोड स्थित अपने नए घर पर शिफ्ट हुए थे और चोरों ने पुरानी घर में सेंध लगा दी। शनिवार को वह अपने पुराने मकान पर पहुंचे। मेन गेट का दरवाजा टूटा मिला तो पुलिस को सूचना दी थी। डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कारोबारी की ओर से तहरीर देकर खुलासे की मांग की गई है।

एमएलसी वागीश पाठक और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक के आवास के कुछ दूरी पर ईंट भट्टा कारोबारी गौरव माहेश्वरी पुत्र अजय कुमार गुप्ता का मकान है। बारिश के दौरान मकान में पानी भर जाता था। सीलन से संक्रमण का खतरा होने की वजह से उन्होंने अलापुर रोड पर अपने ईंट भट्टे के पास नया घर बनवाया है। घर का जरूरती सामान रविवार को अपने नए घर में भेज दिया था। अपने परिवार के साथ नए घर में रहना शुरू कर दिया था।

दिन में वह अपने पुराने घर में रहते थे और रात के समय नए घर में सोने के लिए चले जाते थे। शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे गौरव माहेश्वरी अपने परिवार के साथ नए मकान पर चले गए थे। शनिवार को सुबह के समय अपने पुराने घर पर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। मोहल्लावासियों को मौके पर बुला लिया। लोगों के साथ गौरव मकान के भीतर गए। हर कमरे के ताले टूटे पड़े थे। अलमारी खुली पड़ी थी। सामान तितर-बितर पड़ा था।

नकदी और लगभग आठ लाख रुपये के जेवरात चोरी हो गए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर सोने के हार के दो सेट, सोने की तीन चेन, चार सोने की अंगूठी, सोने के चार पैंडिल, चार जोड़ी सोने के टॉप्स, एक किलो चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने कोतवाली सिविल लाइन को सूचना दी। कोतवाली की क्राइम टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। गौरव माहेश्वरी ने तहरीर देकर खुलासे की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर आई है। जांच की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार