बदायूं: टूटकर गिरा बिजली का तार, दो बाइक सवार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, ककराला। बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से दो बाइक सवार किसानों की मौत हो गई और एक मासूम झुलस गया। बाइक से खेत पर जाते समय रास्ते में लकड़ी में बांधकर चल रही एचटी लाइन का तार उनके ऊपर गिरा। परिजन समेत कस्बावासी घटनास्थल पर पहुंचे। बिजली विभाग के खिलाफ लोगों ने …

अमृत विचार, ककराला। बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से दो बाइक सवार किसानों की मौत हो गई और एक मासूम झुलस गया। बाइक से खेत पर जाते समय रास्ते में लकड़ी में बांधकर चल रही एचटी लाइन का तार उनके ऊपर गिरा। परिजन समेत कस्बावासी घटनास्थल पर पहुंचे। बिजली विभाग के खिलाफ लोगों ने प्रदर्शन किया।

गुस्साए परिजन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही पंचनामा भरने की जिद पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद सीओ दातागंज मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया। परिजन ने बिजली विभाग के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर बिजली विभाग के नौ लाइनमैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

थाना अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला के वार्ड 22 निवासी कैसर (58) पुत्र छोटे, पड़ोस में रहने वाले उनके दोस्त शाकिर (55) पुत्र अहमद अली और कैसर का नाती, वार्ड 22 के सभासद फरमान का बेटा आहिल (8) रविवार को अपने खेत पर बाजरे की फसल देखने गए थे। कुछ समय के बाद ककराला से अलापुर जाने वाले कच्चे मार्ग से बाइक से वापस आ रहे थे। रास्ते में राफ्टर की बजाय लकड़ी के पोल से बांधा गया एचटी लाइन का तार उनकी बाइक पर गिर गया।

तार की चपेट में आने पर कैसर ने मासूम को बाइक से धक्का दे दिया। वह जमीन पर गिरा और जान बच गई लेकिन कैसर और शाकिर तार की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक के पीछे से आ रहा बुग्गी सवार पीछे ही रुक गया। कस्बा में सूचना फैल गई। परिजन समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और कस्बा के लोग मौके पर पहुंच गए।

बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी। थाना अलापुर प्रभारी संजय कुमार सिंह, ककराला चौकी इंचार्ज मायाराम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतकों का पंचनामा भरने की कोशिश की लेकिन लोगों ने पंचनामा भरवाने से इंकार कर दिया। पुलिस ने अधिकारियों को सूचना दी। दातागंज सीओ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। जिसके बाद पुलिस ने मृतकों का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम कराया गया। तहरीर के आधार पर लाइनमैन रवेंद्र कुमार शाक्य, सुरेश शर्मा, मुकेश कुमार, राजवीर सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, अमर सिंह, राजेश कुमार, प्रवेश कुमार, परवेश कुमार के अलावा विभाग के अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

लकड़ी से तार हटवाने को मांगे थे रुपये
तहरीर में मृतक कैसर के भाई जाने आलम ने बताया कि जर्जर लाइन की शिकायत बिजली विभाग से की गई थी। कस्बा निवासी मुर्सलीन पुत्र छोटे, जावेद पुत्र मुमताज अली, अबरार पुत्र अरब खां आदि ने कई बार विद्युत उपकेंद्र पर तैनात रवेंद्र कुमार शाक्य, सुरेश शर्मा, मुकेश कुमार, राजवीर सिंह यादव, ज्ञानेंद्र सिंह शाक्य, अमर सिंह यादव, राजेश कुमार यादव, प्रवेश कुमार, परवेश कुमार आदि से शिकायत की थी। लकड़ी के खंभे से बिजली के तार हटवाने की मांग की थी। आरोप है कि उपकेंद्र पर तैनात जेईई ने 1200 रुपये की मांग की थी। लाइन सही नहीं की गई और रविवार को दो की मौत हो गई।

उपकेंद्र छोड़कर भाग गए कर्मचारी
बिजली विभाग की लापरवाही से कस्बा निवासी दो किसानों की मौत के बाद विद्युत उपकेंद्र के सभी कर्मचारी उपकेंद्र पर ताला लगाकर चले गए। जिसकी वजह से कस्बा ककराला और आसपास के गांवों में बिजली नहीं आई।

बिजली विभाग ने व्यक्त की संवेदना
किसानों की मौत पर किसी ने उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड को ट्वीट करके जानकारी दे दी। कारपोरेशन ने जवाब देते हुए संवेदना व्यक्त की है। कहा है कि कारपोरेशन की संवेदना पीड़ित परिवार के साथ हैं। घटना की जांच के लिए विद्युत सुरक्षा निदेशालय को अवगत कराया गया है। जांच में दोष पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार