अयोध्या : पति, सास, ससुर समेत सात पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिल्कीपुर /अयोध्या, अमृत विचार। इनायत नगर थाना क्षेत्र के रेवना पूरे मुरली गोस्वामी गांव में विवाहिता के ससुरारीजनों द्वारा मुंह मांगा दहेज न मिलने के चलते जमकर मारे पीटे जाने का मामला प्रकाश में आया है। इनायतनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, सास, ससुर व ननद सहित सात के विरुद्ध मारपीट व दहेज …

मिल्कीपुर /अयोध्या, अमृत विचार। इनायत नगर थाना क्षेत्र के रेवना पूरे मुरली गोस्वामी गांव में विवाहिता के ससुरारीजनों द्वारा मुंह मांगा दहेज न मिलने के चलते जमकर मारे पीटे जाने का मामला प्रकाश में आया है। इनायतनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, सास, ससुर व ननद सहित सात के विरुद्ध मारपीट व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इनायत नगर थाना क्षेत्र के रेवना पूरे मुरली गोस्वामी निवासी रूबी गोस्वामी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते वर्ष 2019 को उसकी शादी रेवना पूरे मुरली गोस्वामी निवासी राकेश गोस्वामी पुत्र स्वामीनाथ गोस्वामी के साथ हुई थी। शादी के बाद विदा होकर वह अपनी ससुराल पहुंची, तभी से ससुराल में पति राकेश गोस्वामी, ससुर स्वामीनाथ गोस्वामी, सास जगदेई देवी, ननद कंचन गोस्वामी, प्रिया गोस्वामी, गीता गोस्वामी व अखिल उर्फ गुड्डू द्वारा कम दहेज की उलाहना देते हुए प्रताड़ित किया जाने लगा।

ससुराल वालों द्वारा उसे मायके से 50 हजार रुपए लाने का दबाव डाला गया, जिसका विवाहिता ने विरोध किया। जिस पर ससुराल वालों ने 19 अगस्त को उसे बर्बरता पूर्वक मारा पीटा। विवाहिता ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मारपीट के दौरान विवाहिता के सिर व शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पति,सास, ससुर व ननद सहित सभी सात आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें –Birthday Special: मेरा जिस्‍म फिर से नया रूप धर आया है…ताजगी बहुत है क्‍योंकि तुमने सजाया है… गिरिजा कुमार माथुर

संबंधित समाचार