मुरादाबाद : हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में टीबी के मरीज भी ढूंढेंगे सीएचओ
मुरादाबाद,अमृत विचार। क्षयरोग को वर्ष 2025 तक खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से प्रयास कर रहा है। अब शासन के निर्देश पर कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी क्षयरोगियों की जांच कर उन्हें चिह्नित करेंगे। इसके लिए सोमवार को सभी कम्युनिटी हेल्थ आफिसर को प्रशिक्षित किया गया। अब सीएचओ हर माह टीबी के मरीज को खोजकर …
मुरादाबाद,अमृत विचार। क्षयरोग को वर्ष 2025 तक खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से प्रयास कर रहा है। अब शासन के निर्देश पर कम्युनिटी हेल्थ अधिकारी क्षयरोगियों की जांच कर उन्हें चिह्नित करेंगे। इसके लिए सोमवार को सभी कम्युनिटी हेल्थ आफिसर को प्रशिक्षित किया गया। अब सीएचओ हर माह टीबी के मरीज को खोजकर उनका इलाज सुनिश्चित करेंगे। जिले में हर माह सीएचओ के माध्यम से 1042 टीबी के मरीज खोजने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डा. एनके कुरचैया ने बताया कि प्रदेश में हर साल दूसरे और त्रैमास में टीबी के मरीज अधिक संख्या में चिन्हित किए जाते हैं। 2025 तक प्रधानमंत्री द्वारा टीबी को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करने के लिए यह कदम उठाया गया है। टीबी का मरीज जल्द से जल्द चिन्हित हो सके, इसके लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात सीएचओ को ट्रेनर डा. मुहम्मद जावेद व मनोज कुमार ने ट्रेनिंग दे दी है। अब सीएचओ मरीज को ढूंढ कर उसका स्पुटम लेकर जांच के लिए नजदीकी पीएचसी लैब में भेजेंगे। पीएचसी स्तर पर ही रिपोर्ट मरीज को मिल जाएगी। सीएचओ मरीज में टीबी की पुष्टि होने पर उसकी रिपोर्ट बनाकर विभाग को देंगे।
मास्टर ट्रेनर डा. मोहम्मद जावेद ने बताया कि शासन की ओर से इस साल 12500 टीबी मरीज खोजने का लक्ष्य विभाग को दिया है। इसमें से 6955 को विभाग चिन्हित कर चुका है, जिनका इलाज चल रहा है। प्रशिक्षण में नरेश कुमार राणा, अमित भटनागर, गौरव कुमार, अंकुर शर्मा, रामू सिंह, निर्मल पांडे आदि ने सहयोग किया।
यह है क्षयरोग के लक्षण
मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार ने बताया कि दो हफ्ते से ज्यादा खांसी, दोपहर बाद तेज बुखार होना, पसीना आना, सांस लेने में तकलीफ महसूस होना, वजन घटना, थकावट होना आदि टीबी के लक्षण हैं। किसी भी मरीज में यह लक्षण मिलने पर उसकी क्षयरोग की जांच जरुर कराएं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : लंपी पॉक्स के लक्षण वाले छह पशुओं के लिए सैंपल, भोपाल लैब भेजे
