बरेली: BDA का एक्शन मोड जारी, सुपरसिटी के पीछे अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
बरेली, अमृत विचार। डोहरा रोड पर सुपरसिटी कॉलोनी के पीछे 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाई जा रही अवैध कालोनी पर बीडीए का बुलडोजर चला। कालोनी में सीवर लाइन के लिए पाइप डाले जा रहे थे। टीम ने खोदाई कराकर बुलडोजर से पाइप लाइन को तोड़ दिया। बरेली विकास प्राधिकरण का अवैध कालोनियों के …
बरेली, अमृत विचार। डोहरा रोड पर सुपरसिटी कॉलोनी के पीछे 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाई जा रही अवैध कालोनी पर बीडीए का बुलडोजर चला। कालोनी में सीवर लाइन के लिए पाइप डाले जा रहे थे। टीम ने खोदाई कराकर बुलडोजर से पाइप लाइन को तोड़ दिया।
बरेली विकास प्राधिकरण का अवैध कालोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान सोमवार को डोहरा रोड पर चला। यहां महेन्द्र प्रधान, दिलीप जायसवाल आदि सुपरसिटी कालोनी के पीछे अवैध कालोनी विकसित कर रहे थे, जिसमें सड़क, पोल, सीवर लाइन आदि का काम कराया जा रहा था।
मौके पर पहुंची बीडीए की टीम ने कालोनी का स्वीकृत नक्शा मांगा तो वह नहीं दिखा पाए। तभी नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण के सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता रमन अग्रवाल, सुनील कुमार गुप्ता, एसके सिंह व प्रवर्तन टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता आशु मित्तल ने बताया कि बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति के कराए गए अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कई शोरूम, बारातघर और कालोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जानी है।
