बहराइच: निजी तालाब की खुदाई का भुगतान भी वीडीओ और प्रधान ने कराया
बहराइच। जिले के ग्राम पंचायत जतौरा में बुधवार मनरेगा लोकपाल जांच के लिए पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि एक ग्रामीण ने व्यवसाय के लिए मछली पालन तालाब खुदाया। जिसका भुगतान भी सरकारी दिखाकर ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी ने निकाल लिया। बिना सड़क निर्माण के ही बजट का बंदरबांट कर दिया गया। …
बहराइच। जिले के ग्राम पंचायत जतौरा में बुधवार मनरेगा लोकपाल जांच के लिए पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि एक ग्रामीण ने व्यवसाय के लिए मछली पालन तालाब खुदाया। जिसका भुगतान भी सरकारी दिखाकर ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी ने निकाल लिया। बिना सड़क निर्माण के ही बजट का बंदरबांट कर दिया गया। पौधरोपण में भी घोटाला किया गया है।
जरवल विकासखंड के ग्राम पंचायत जतौरा के विकास कार्यों में घोटाले की शिकायत ग्रामीणों ने लोकपाल से की थी।ग्रामीणों की शिकायत पर मनरेगा लोकपाल उमेश तिवारी ने स्थलीय निरीक्षण कर हकीकत परखी। मनरेगा लोकपाल की स्थलीय जांच में विकास कार्यों में भारी अनियमितता सामने आई है। जतौरा के रन्नी में मुख्य मार्ग से रामलाल के खेत तक स्थलीय जांच में मौके पर मिट्टी पटाई का काम नही मिला और इस सडक का भुगतान निकाल लिया गया है।
सुहागा तालाब की खुदाई गांव के उदयराज पुत्र छत्रपाल ने निजी मछली पालन के लिए जेसीबी से करायी थी, जिसका भी भुगतान ग्राम प्रधान और सचिव ने मिलकर कर लिया। सिद्धन तालाब की स्थलीय जांच में मौके पर कोई काम नही मिला,जबकि इसका भी भुगतान फर्जी तरीकें से करा लिया गया। ग्राम पंचायत के बृक्षारोपण में भी घोटाला प्रकाश में आया है।
लाभार्थी हसमत अली पुत्र रज्जाक तथा मुख्तियार पुत्र हसन मोहम्मद ने लोकपाल को बताया कि मेरे खेत मे कोई भी बृक्षारोपण नही हुआ है और न ही कोई पेड़ हम लोगों को मिला है। पडोसी जनपद गोण्डा के गांव की ब्रह्मचारी से रड़हा गांव तक की सड़क पर मिट्टी पटाई का कार्य दिखाकर ग्राम प्रधान द्वारा भी पैसा निकाल लिया गया है,
जबकि सूत्रों के अनुसार गोंडा जनपद के प्रधान ने उस सड़क पर मिट्टी पटाई का कार्य कराया था और उसका भुगतान भी वहीं से हो चुका था।लोकपाल की जांच के समय पंचायत सचिव रामप्रवेश यादव, जेई संजय कुमार, पंचायत मित्र आलोक मिश्रा, पूर्व प्रधान राकेश राव, दुर्गेश वर्मा ,अतीक अहमद, सुनील यादव, आलोक वर्मा लल्लू समेत ग्रामीण उपस्थित रहे।
मनरेगा लोकपाल उमेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया विकास कार्यों में अनियमितता पायी गयी है।अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है।कार्यवाही के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा।
बीडीओ बोले
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जरवल सत्य प्रकाश पांडे ने बताया कि बिना काम कराए भुगतान निकाल लेना गलत है। लोकपाल की रिपोर्ट मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें–अयोध्या: शहरी विद्यार्थियों को पसंद आया पंचायत भवन का पुस्तकालय, बच्चों ने की प्रशंसा
