खंदी में मिला खून से लथपथ युवक, मौत
बिलारी अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र में खंदी में खून से लथपथ युवक गंभीर हालत में मिला। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना देने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी मौत हो गई। युवक वैवाहिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने का काम करता था और सोमवार की रात अपने दो दोस्तों के साथ …
बिलारी अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र में खंदी में खून से लथपथ युवक गंभीर हालत में मिला। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना देने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसकी मौत हो गई। युवक वैवाहिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने का काम करता था और सोमवार की रात अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया है। वहीं परिजन कुछ लोगों पर युवक को मारपीट कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगा रहे हैं।
मामला बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सरथल खेड़ा का है। गांव निवासी मक्खन सिंह का बेटा अवनीत कुमार वैवाहिक कार्यक्रमों में डीजे बजाने का काम करता था। कभी-कभी वह हलवाई का भी काम करता था। परिजनों के अनुसार सोमवार की शाम वह पैसे लेने के लिए सम्भल के नरौली गांव में रहने वाली अपनी मौसी के यहां गया था। रात करीब आठ बजे वह वापस आ गया। इसके बाद वह ग्राम खेड़ा के कपिल और खेमपाल के साथ किसी काम से जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया।
परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने अवनीत को तलाश करना शुरू कर दिया। इस बीच ग्रामीणों ने खंदी में अवनीत को खून से लथपथ पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर आए परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर उपचार के दौरान अवनीत की मौत हो गई।
इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि अवनीत ने फोन किया था और कुछ लोगों के नाम बताकर उन पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया था। परिजनों ने बताया कि करीब ढाई साल पहले अवनीत का विवाह हुआ था लेकिन तलाक होने के कारण वह अकेला रह रहा था। पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया है।
