अब्बास अंसारी के घर पर नोटिस चस्पा करने गाजीपुर रवाना होगी लखनऊ पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। एक ही लाइसेंस पर अवैध तरीके से कई हथियार रखने के मामले में फंसे कुख्यात पूर्व बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ हुई सीआरपीसी-82 (भगोड़ा घोषित करना) की कार्रवाई का नोटिस पुलिस को रिसीव हो गया है। अब पुलिस संभवत 1 से 2 दिन में …

अमृत विचार, लखनऊ। एक ही लाइसेंस पर अवैध तरीके से कई हथियार रखने के मामले में फंसे कुख्यात पूर्व बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ हुई सीआरपीसी-82 (भगोड़ा घोषित करना) की कार्रवाई का नोटिस पुलिस को रिसीव हो गया है। अब पुलिस संभवत 1 से 2 दिन में अब्बास अंसारी के घर पर यह नोटिस चस्पा करेगी।

मामले की जानकारी देते हुए महानगर कोतवाली प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि एमपी-एमएलए कोर्ट ने अब्बास अंसारी को सीआरपीसी-82 के तहत कार्यवाही करते हुए फरार करार देने की उद्घोषणा का नोटिस जारी कर दिया है।

अब महानगर पुलिस की एक टीम गाजीपुर रवाना होकर वहां अब्बास अंसारी के पुश्तैनी घर पर यह नोटिस चस्पा करेगी। कोर्ट की ओर से दिए गए समय 26 सितंबर तक अगर अब्बास अंसारी कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत नहीं हुए तो कोर्ट से आदेश लेकर संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया की जाएगी। विदित हो कि महानगर स्थित अब्बास अंसारी के फ्लैट को पहले ही गाजीपुर पुलिस कुर्की कर चुकी है।

क्या है मामला

ज्ञात हो कि एक ही लाइसेंस पर अवैध तरीके से कई असलहे रखने के मामले में गत 13 अगस्त 2019 को सुभासपा नेता अब्बास अंसारी के खिलाफ महानगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में सुनवाई करते हुए स्पेशल कोर्ट की ओर से गत 26 जुलाई 2022 की तिथि निर्धारित की गई थी। पर अब्बास अंसारी कोर्ट में प्रस्तुत नहीं हुए।

इसके बाद कोर्ट की ओर से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी करते हुए 10 अगस्त तक पेश होने का आदेश दिया गया था। अब्बास अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लखनऊ, गाजीपुर, मऊ, सीतापुर, नोएडा समेत कई शहरों में 50 से अधिक जगहों पर छापेमारी की गई, पर अब्बास अंसारी का कुछ पता नहीं चल सका। अंततः कोर्ट की ओर से गत गुरुवार को अब्बास अंसारी को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:- अब्बास अंसारी के घर पर कुर्की नोटिस चस्पा करेगी पुलिस

संबंधित समाचार