बहराइच: सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम, एक घंटे तक लखनऊ-बहराइच और गोंडा मार्ग रहा ठप, जानें मामला
जरवलरोड/बहराइच। बिजली विभाग के कर्मियों पर कार्यवाई और मुआवजे की मांग को लेकर परिवार के लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे गोंडा, लखनऊ, बाराबंकी और बहराइच जनपद से आने वाले लोगों का आवागमन ठप हो गया। तहसीलदार द्वारा मुआवजा और कार्यवाई के आश्वासन के बाद सभी ने जाम हटाया। इस …
जरवलरोड/बहराइच। बिजली विभाग के कर्मियों पर कार्यवाई और मुआवजे की मांग को लेकर परिवार के लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे गोंडा, लखनऊ, बाराबंकी और बहराइच जनपद से आने वाले लोगों का आवागमन ठप हो गया। तहसीलदार द्वारा मुआवजा और कार्यवाई के आश्वासन के बाद सभी ने जाम हटाया। इस पर सभी ने मृतक का शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जरवल रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़वा गांव निवासी राम अवतार पुत्र राम करन शुक्रवार को भैंस की तलाश कर रहा था। तभी तलाब के निकट लटक रहे एचटी लाइन की चपेट मे आकर राम अवतार की करंट लगने से मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी ननकई ने बिजली विभाग के कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। शनिवार दोपहर बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा। परिवार के लोगों ने शव गोंडा, बहराइच और लखनऊ मार्ग पर बीच में रख दिया। सभी ने मुआवजा और विद्युत कर्मियों पर कार्यवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया।

शव रखकर प्रदर्शन के चलते सड़क पर जाम लग गया। विभिन्न जनपदों से आने वाले वाहनों की कतार लग गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाया, लेकिन सभी नहीं माने। इस पर तहसीलदार अमर वर्मा और अन्य पहुंचे। तहसीलदार ने लोगों को समझाया। तब ग्रामीण शांत हुए। लगभग एक घंटे तक जाम चलता रहा। इसके बाद सभी शव लेकर अंतिम संस्कार को रवाना हो गए।
मुआवजा और कार्यवाई पर माने
तहसीलदार राजेश वर्मा ने मृतक आश्रित को मुआवजा और विद्युत कर्मियों पर कार्यवाई का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। उधर बिजली विभाग द्वारा अभी तक लटक रहे तार को सही नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें:-संभल : करंट लगने से किसान की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
