यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8729 पहुंची, 229 की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लाकडाउन के पांचवे चरण में बस और रेल सेवायें बहाल होने के बाद उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 369 नये मामले सामने आने से चिंता बढ़ी है हालांकि राज्य मे संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट 59 फीसदी से अधिक होने से राहत महसूस की जा रही है। स्वास्थ्य …

लखनऊ। लाकडाउन के पांचवे चरण में बस और रेल सेवायें बहाल होने के बाद उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 369 नये मामले सामने आने से चिंता बढ़ी है हालांकि राज्य मे संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट 59 फीसदी से अधिक होने से राहत महसूस की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में अब तक 8729 कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है जिनमें 5176 मरीज स्वस्थ भी हुये है और 229 की मौत हो चुकी है। राज्य के विभिन्न कोविड अस्पतालों में 3324 मरीजो का उपचार किया जा रहा है।

प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना से रिकवरी का प्रतिशत 59.51 है। उन्होंने बताया कि आईसीएमआर द्वारा नई गाइडलाइन जारी की गयी है जिसके अनुसार जिलों में ब्लड के नमूने लेकर एलिजा टेस्ट के माध्यम से कोरोना का अंदाजा लगाया जा सकता है। अभी तक 10 जिलों में नमूने लिये गये हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 75 जिलों में 3324 कोरोना के मामले एक्टिव हैं। कल 900 पूल टेस्ट किये गये, जिसमें से 785 पूल 5-5 सैम्पल के तथा 115 पूल 10-10 सैम्पल के थे। आरोग्य सेतु अलर्ट जनरेट होने पर लोगों को कन्ट्रोल रूम से काॅल किया जा रहा है। अब तक कुल 51,451 लोगों को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गयी है।

उन्होंने बताया कि 20 ट्रूनेट मशीन जनपदों को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। कल 21 ट्रूनेट मशीन और आ गई हैं, शेष 34 ट्रूनेट मशीन आगामी 2-3 दिन में प्राप्त हो जाएंगी। इस प्रकार प्रत्येक जनपद को एक-एक ट्रूनेट मशीन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि ट्रेन से आने वाले यात्रियों को 14 दिन तक होम क्वारंटीन मेें रहना होगा। आशा वर्कर्स श्रमिकों के घर पर जाकर सम्पर्क कर उनके लक्षणों का परीक्षण कर रही हैं। आशा वर्कर्स द्वारा अब तक 11,68,917 कामगारों से उनके घर पर जाकर सम्पर्क किया गया, इनमें 1036 लोगों में कोरोना जैसे लक्षण पाये गये। ग्राम एवं मोहल्ला निगरानी समितियों के द्वारा निगरानी का कार्य सक्रियता से किया जा रहा है। अब तक 1,01,874 सर्विलांस टीम द्वारा 79,06,668 घरों के 4,01,73,231 लोगों का सर्वेक्षण किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में आगरा में चार, कानपुर में दो और गाजियाबाद में एक कोरोना संक्रमित की मृत्यु हो गयी। आगरा में अब तक 45 कोरोना संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है वहीं मेरठ में 29, अलीगढ़ में 16 और कानपुर एवं फिरोजाबाद में 13-13 मरीज कोरोना का शिकार बने हैं। मुरादाबाद में 10 लोगों की इस बीमारी से मृत्यु हो चुकी है।

नोएडा में एक बार फिर कोविड-19 ने रफ्तार पकड़ी है जहां पिछले 24 घंटे में 42 नये मरीज सामने आये है जिसके चलते यह जिला 230 एक्टिव केसों के साथ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इसके अलावा बस्ती में 163, गाजियाबाद में 123 और मेरठ में 109 मरीजों का इलाज चल रहा है। आगरा में अब तक कोरोना के 896 मरीज मिल चुके है हालांकि इनमे 770 स्वस्थ भी हुये हैं और 81 कोविड अस्पताल में भर्ती हैं।

लखनऊ और कानपुर में 306-306 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। बुंदेलखंड के जिलों में हालांकि कोरोना का कम प्रकोप देखा जा रहा है। जालौन और हमीरपुर में सिर्फ एक एक मरीज अस्पताल में भर्ती है वहीं ललितपुर और बांदा में दो-दो और महोबा में आठ मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा चित्रकूट में 17 और झांसी में 12 एक्टिव मामले बने हुये हैं।

संबंधित समाचार