शाहजहांपुर: निगोही ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव में पड़े 65 वोट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विकास खंड निगोही में ब्लॉक प्रमुख सचिन वर्मा के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में सोमवार को 65 वोट पड़े। एक वोट निरस्त हुआ तो एक की आईडी मिस मैच होने पर वोट नहीं डाल सका। वहीं, 67 क्षेत्र पंचायत सदस्य अविश्वास प्रयास के लिए …

शाहजहांपुर, अमृत विचार। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विकास खंड निगोही में ब्लॉक प्रमुख सचिन वर्मा के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में सोमवार को 65 वोट पड़े। एक वोट निरस्त हुआ तो एक की आईडी मिस मैच होने पर वोट नहीं डाल सका। वहीं, 67 क्षेत्र पंचायत सदस्य अविश्वास प्रयास के लिए वोट करने पहुंचे थे। अविश्वास प्रस्ताव का परीक्षण के लिए नियुक्त एसडीएम तिलहर राशि कृष्णा ने बताया कि परीक्षण रिपोर्ट और वोटिंग की स्थिति डीएम को भेजी जा रही है।

बता दें कि निगोही ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ क्षेत्र पंचायत सदस्य भानू प्रताप सिंह के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिसके बाद डीएम ने एसडीएम तिलहर शशि कृष्णा को इसके लिए अध्यक्ष नामित कर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करने की तिथि घोषित की थी। सोमवार को सुबह निर्धारित समय के अनुसार एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एसडीएम तिलहर शशि कृष्णा समेत अन्य अफसर ब्लाक सभागार पहुंचे। तत्पश्चात अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्य भानू प्रताप सिंह के साथ 67 सदस्य वोट करने ब्लॉक सभागार पहुंचे।

जहां भानू प्रताप के द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया, जिसका अनुमोदन वरिष्ठ भाजपा नेता क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय पाल सिंह ने किया। जिस पर सभी ने एकमत होकर अपनी सहमति जाहिर की, जिसके बाद वोटिंग हुई। 66 बीडीसी सदस्यों ने वोट डाले, जिसमें एक वोट निरस्त कर दिया गया। एक सदस्य का पहचान पत्र और लिस्ट में नाम मैच नहीं हुआ, जिससे वह वोट नहीं डाल सका। इस तरह 65 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लाक प्रमुख सचिन वर्मा के खिलाफ में वोट डाले। इस मौके पर एसडीएम पुवायां, सीओ सिटी अखंड प्रताप सिंह, सीओ सदर अनिल चौरसिया समेत आदि मौजूद रहे।

सत्तापक्ष में खुशी की बहार, भानू प्रताप सिंह के पक्ष में हुई नारेबाजी
सचिन वर्मा के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव में जीत हासिल होने पर भाजपा के खेमे में खुशी छा गई। सभी ने एक दूसरे को बधाई दी। वोटिंग के बाद ब्लाक सभागार से बाहर निकले क्षेत्र पंचायत सदस्य भानू प्रताप सिंह के पक्ष में समर्थको ने खूब नारेबाजी की।

ब्लॉक प्रमुख के अविश्वास प्रस्ताव के परीक्षण के लिए वोटिंग कराई गई। समस्त रिपोर्ट डीएम को आज ही भेजी जा रही है। जिलाधिकारी मामले में अग्रिम निर्णय करेंगे।- शशि कृष्णा, एसडीएम तिलहर।

निगोही ब्लॉक प्रमुख ने सबका साथ सबका विकास की बात कही थी, लेकिन वह सबके साथ से प्रमुख बनने के बाद उन्होंने अपनी मनमर्जी चलाते हुए अपने लोगों का विकास किया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जायज बातों तक की अनसुनी की जाती थी, जिसके परिणाम स्वरूप असंतुष्ट मेंबरों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 65 वोट पड़े हैं, सचिन वर्मा के पद से हटने का समय आ गया है।- भानू प्रताप सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य

अविश्वास प्रस्ताव की बैठक नियम विरुद्ध हुई है। नियमानुसार 11 बजे चर्चा होनी थी, जिसमें सभी सदस्यों को पहुंचना होता है, लेकिन सभी सदस्य 12 बजे बैठक में पहुंचे। बैठक में प्रस्ताव पर कोई चर्चा तक नहीं हुई। यह प्रस्ताव तो स्वतः निरस्त कर देना चाहिए। सभी सदस्यों के लिए हेल्पर लगाए गए थे, जबकि नियम है कि सिर्फ निरक्षर वोटर के लिए ही हेल्पर लगाया जा सकता है। प्रस्ताव में पूरी तरह से मनमानी की गई। यह लोकतंत्र का गला घोटना हुआ। हम इसके लिए कोर्ट जाएंगे, हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा है।- सचिन कुमार वर्मा, ब्लॉक प्रमुख।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मिट्टी खनन में पकड़ीं गईं छह ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुलिस ने किए सीज

 

संबंधित समाचार