लखनऊ : शताब्दी से आ रहे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के लिए रेलवे ने रोक दिया इंटरलॉकिंग कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी को समय से स्टेशन पहुंचाने के लिए उत्तर रेलवे ने प्रशासन ने मानकनगर स्टेशन पर चल रहे इंटरलाकिंग कार्य को रोक दिया। नई दिल्ली से शताब्दी ट्रेन से लखनऊ आ रहे प्रदेश अध्यक्ष को बदले रुट के बजाय पुराने रुट से ही …

अमृत विचार, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी को समय से स्टेशन पहुंचाने के लिए उत्तर रेलवे ने प्रशासन ने मानकनगर स्टेशन पर चल रहे इंटरलाकिंग कार्य को रोक दिया। नई दिल्ली से शताब्दी ट्रेन से लखनऊ आ रहे प्रदेश अध्यक्ष को बदले रुट के बजाय पुराने रुट से ही रास्ता दिया गया ताकि ट्रेन विलंब ना हो।

जबकि दो दिन पहले रेल प्रशासन ने माननगर इंटरलाकिंग कार्य के चलते इस रुट से आवागमन करने वाली 30 ट्रेनें निरस्त कर 36 ट्रेनों को मार्ग बदल दिया था। इसके चलते 10 हजार से अ​धिक यात्रियों के कन्फर्म टिकट निरस्त कर दिये गये थे।

भाजपा केनए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शताब्दी एक्सप्रेस से लखनऊ जंक्शन पहुंचाने के लिए उत्तर रेलवे ने मानकनगर में लूपलाइन के लिए चल रहे मेंटीनेंस वर्क को रोककर शताब्दी को रास्ता दिया। सोमवार को ट्रेन सिर्फ पंद्रह मिनट की देरी से पहुंची, जबकि रविवार को यही शताब्दी करीब 7 घंटे की देरी से लखनऊ जंक्शन पहुंची थी।

दरअसल, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मानकनगर रेलवे स्टेशन पर लूपलाइन की इंटरलॉकिंग का कार्य गत 28 अगस्त से शुरू किया गया है। इसके तहत 30 ट्रेनों को जहां निरस्त कर दिया गया है, वहीं 36 ट्रेनों को बदले हुए रूट से चलाया जा रहा है। इसमें नई दिल्ली से लखनऊ जंक्शन आने वाली 12004 शताब्दी एक्सप्रेस को उन्नाव से लखनऊ जंक्शन के बीच डायवर्ट किया गया।

ट्रेन को बालामऊ के रास्ते लाने की तैयारी की गई। गत रविवार को 12004 शताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली से चलकर इसी रूट से लखनऊ जंक्शन पहुंची। पर, रूट डायवर्जन व मेंटीनेंस वर्क की वजह से ट्रेन 5.51 घंटे की देरी से शाम 6.41 बजे जंक्शन पहुंची थी। इससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था।

ट्रेन से लखनऊ पहुंचने ‘माननीयों ने रेलमंत्री से गुहार लगाई थी कि रविवार को भाजपा के नए अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी शताब्दी से लखनऊ आ रहे हैं, ऐसे में ट्रेन निर्धरित समय से पहुंचे। जानकारों का कहना है कि इसके बाद उत्तर रेलवे अधिकारियों ने सोमवार को नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को निर्धारित समय से पहुंचाने के लिए मानकनगर में चल रहे इंटरलॉकिंग कार्य को रोककर ट्रेन को रास्ता दिया। इतना ही नहीं ट्रेन को बालामाऊ के रास्ते लाने की जगह पुराने रूट उन्नाव के रास्ते ही चलाया गया। यही वजह है कि ट्रेन सिर्फ 15 मिनट की देरी से सोमवार को जंक्शन पहुंची।

रेल यात्रियों की चिंता नहीं,वीआईपी की चिंता

दैनिक यात्री एसोसिएशन केअध्यक्ष एसएस उप्पल ने बताया कि मानकनगर में मेंटीनेंस वर्क शुरू करने की जानकारी महज एक दिन पहले दी गई, जिससे दस हजार से अधिक यात्रियों के कन्फर्म टिकट निरस्त हो गए। उनकी चिंता रेलवे अधिकारियों को नहीं है। पर, शताब्दी से लखनऊ आ रहे प्रदेश अध्यक्ष की ट्रेन लेट न हो, इसलिए डायवर्जन हटा दिया, मेंटीनेंस वर्क भी रोक दिया। अधिकारी माननीयों की चिंता में दुबले हो रहे हैं।

छावनी बना लखनऊ जंक्शन, बंधक बने नजर आये यात्री

प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर सोमवार को लखनऊ जंक्शन का नजारा बदला हुआ था। स्टेशन की चहुंहोर होर्डिंगों की भरमार दिखाई पड़ रही थी । पंडाल लगा हुआ था और भाजपा के नए अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के स्वागत के लिए हजारों कार्यकर्ता उत्साहित थे। जंक्शन छावनी बना हुआ था।

रेल यात्री स्टेशन पर बंधक से बन गए। उन्हें कैब वे की जगह दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन वाले रूट से बाहर निकलना पड़ा। इतना ही नहीं, जो यात्री मुख्य गेट से निकले, उन्हें आटो के लिए रवीन्द्रालय के आगे तक पैदल चलना पड़ा। अमूमन प्लेटफॉर्म से ही उन्हें साधन भी मिल जाते थे। रेलवे की ओर से आम यात्रियों के लिए कैब वे पर एंट्री बंद कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें:- नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की फिसली जुबान, भरे मंच से चिकित्सा, शिक्षा और सुरक्षा लेकर कह दी यह बड़ी बात

संबंधित समाचार